Homeअपना मध्यप्रदेश,
मानपुर क्षेत्र के लिये 300 करोड़ की पेयजल योजना स्वीकृत

उमरिया जिले के अमरपुर में अंत्योदय मेले में 16 हजार हितग्राही लाभान्वित
बाणसागर के विस्थापितों को 10 लाख से एक करोड़ तक लोन की गारंटी देगी सरकार
मुख्यमंत्री श्री चौहान हुए शामिल
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज उमरिया जिले के अमरपुर में जिला-स्तरीय अंत्योदय मेले में मानपुर विधानसभा क्षेत्र में शुद्ध पेयजल पहुँचाने की 300 करोड़ की योजना की स्वीकृति की जानकारी दी। योजना से 118 ग्राम में पाइप लाइन से पेयजल पहुँचेगा। परियोजना सोन नदी पर बनेगी और इससे अंचल में पेयजल का संकट समाप्त हो जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, कमजोर एवं सर्वहारा वर्ग की भलाई और उनके जीवन-स्तर को ऊँचा करने के लिये संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में किसान और मजदूरों ने जो पसीना बहाया है, उसका ब्याज सहित कर्ज इस अंचल का सर्वांगीण विकास कर उतारूंगा। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे, विधायक सुश्री मीना सिंह, जनपद अध्यक्ष श्री रामकिशोर चतुर्वेदी सहित अनेक जन-प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।

श्री चौहान ने कहा कि किसी भी गरीब को भूखा नहीं सोने दिया जायेगा। प्रदेश में पैदा हुए सभी व्यक्ति को रहने के लिये भूमि का मालिकाना हक दिया जायेगा और आवास बनाने की व्यवस्था की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाणसागर के कारण विस्थापित लोगों को रोजगार में स्थापित करने के लिये युवा उद्यमी योजना में 10 लाख से एक करोड़ तक का लोन बैंकों से दिलवाया जायेगा। लोन की गारंटी राज्य सरकार लेगी। उन्होंने जिले में लघु एवं कुटीर उद्योग स्थापित करने के लिये वृहद कार्य-योजना तैयार करने के निर्देश दिये। श्री चौहान ने कहा कि सभी ग्राम पंचायत में राशन दुकानें स्थापित की जायेंगी। दुकानों का संचालन महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थानीय निर्वाचन में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने से वे सशक्त होकर आगे बढ़ रही हैं। शिक्षकों की भर्ती में 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिये आरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि गरीब, नि:शक्त एवं बेसहारा लोगों को मिलने वाली पेंशन बैंकों के माध्यम से वितरित करने की व्यवस्था की गयी है। अब पेंशन का भुगतान प्रत्येक माह की 10 तारीख को ग्राम पंचायत में किया जायेगा। श्री चौहान ने कहा कि जो अधिकारी-कर्मचारी जन-सेवक की भाँति अच्छा कार्य करेंगे, उन्हें सम्मानित किया जायेगा। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वालों के साथ सरकार सख्ती से निपटेगी।

विकास-निर्माण कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अमरपुर में 30 बिस्तरीय अस्पताल भवन बनाने, हाई स्कूल के उन्नयन, मानपुर में बस-स्टेण्ड के निर्माण, महरोई, चिल्हारी एवं टिकुरी में हाई स्कूल का हायर सेकेण्डरी में उन्नयन करने की घोषणा भी की। श्री चौहान ने 4 करोड़ 20 लाख 66 हजार रुपये की लागत के 3 भवन का शिलान्यास किया। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन जमुड़ी, मुदरिया और 50 सीटर आदिवासी कन्या छात्रावास भवन सुंदरदादर शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने 16 हजार 423 हितग्राही को विभिन्न योजना से संबंधित लाभांश का वितरण भी किया।

प्रदर्शनी का अवलोकन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अंत्योदय मेले में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगायी गयी विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह, अत्याचार निवारण अधिनियम, ई-गवर्नेंस, लोक सेवा गारंटी की सेवाएँ, महिला सशक्तिकरण, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग को दी जाने वाली छात्रवृत्ति, साइकिल एवं गणवेश वितरण सहित अन्य विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है।

Share This News :