Home > अपना मध्यप्रदेश,
माँ नर्मदा की पूजन विधि में बदलाव जरूरी

पेड़ लगाकर नर्मदा माँ की करें उपासना
जबलपुर के 16 गाँवों में जमीन खरीदी-बिक्री प्रतिबंध होगा खत्म
"नमामि देवी नर्मदे" - सेवा यात्रा के दौरान बरगी नगर जनसंवाद में मुख्यमंत्री श्री चौहान 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने माँ नर्मदा के प्रति आस्था और विश्वास व्यक्त करने की विधि और व्यवहार में बदलाव की जरूरत बताई है। उन्होंने आव्हान किया कि नर्मदा माँ की उपासना पेड़ लगाकर की जाये। गंदगी और पूजन सामग्री को नर्मदा नदी में प्रवाहित नहीं करें। श्री चौहान आज नर्मदा सेवा यात्रा के पदयात्री के रूप में बरगी नगर पहुँचकर जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नर्मदा मैया प्रदेश की जीवन-रेखा है। उन्होंने नदी की कृषि, विद्युत, पेयजल और पर्यावरण संबंधी महत्ता बतायी। उन्होंने बताया कि आज मध्यप्रदेश कृषि उत्पादन में देश के बड़े राज्यों पंजाब और हरियाणा से भी आगे है। कृषि विकास दर 20 प्रतिशत से ऊँची बनी हुई है। जबलपुर सहित बड़े नगरों की पेयजल आपूर्ति माँ नर्मदा पर आश्रित है। क्ष्रिपा को पुनर्जीवित कर अब माँ नर्मदा से गंभीर नदी को भी पुनर्जीवित करने की दिशा में कार्य प्रगति पर है। हमने सतपुड़ा और विंध्याचल के पेड़ों को काटकर इस जीवनदायिनी माँ की प्राणशक्ति को ध्वस्त किया है। इससे सदानीरा नर्मदा बरसाती नदी बनने लगी है, इसे बदलना होगा। प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ लगाने, उसका पालन करने, नदी में मल-मूत्र का विसर्जन नहीं करने, पूजन-अर्चन की विधियों से नर्मदा मैया को प्रदूषित नहीं करने का संकल्प लें।

श्री चौहान ने संत समाज से अनुरोध किया कि वे धार्मिक विधियों में ऐसे कार्यों का परित्याग करवाने के लिये धर्मशक्ति का उपयोग करें ताकि नदियों में जल समाधि देने की प्रथा खत्म हो। नर्मदा का अभिषेक नर्मदा के जल से ही किया जाये। फूल-मालाओं, हवन सामग्री, दीपदान और मूर्तियों का विसर्जन भी पूजन-कुण्ड में किया जाये। मुख्यमंत्री ने किसान भाइयों से कहा कि माँ नर्मदा को हरियाली चुनरी ओढ़ाने के लिये आगे आयें और फलदार वृक्ष लगायें। इस वर्ष सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। जब तक वृक्षों में फल आयेंगे तब तक सरकार 20 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर की दर से मुआवजा देगी। पौधों पर भी 40 प्रतिशत की सब्सिडी दी जायेगी और गड्डा खोदने के लिये मजदूरी भी सरकार देगी। उन्होंने खेती में रसायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल का त्याग करने और जैविक खेती करने के लिये प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन का पर्व भी पेड़ों की रक्षा के संकल्प के रूप में मनाने, नशा का त्याग करने और बेटा-बेटी को समान मानने और शिक्षा दिलाने के लिये संकल्पित करवाया। मुख्यमंत्री के आव्हान पर जनसंवाद के दौरान तीन हजार से अधिक किसानों ने फलदार वृक्षारोपण के संकल्प पत्र भरे।

यात्रा बनी सामाजिक आंदोलन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार के द्वारा शुरू नर्मदा सेवा यात्रा अब सामाजिक आंदोलन बन गई है। उन्होंने नर्मदा तट की शराब की दुकानों की आगामी वर्ष में नीलामी नहीं होने की जानकारी देते हुए कहा कि नर्मदा किनारे के 16 गाँवों में जमीन की खरीदी-बिक्री पर लगी रोक को भी खत्म कर दिया गया है। जबलपुर और बरगी के लिये नया सीवेज सिस्टम डाला जायेगा। मल-जल को रिसाईकिल कर खेती के लिये दिया जायेगा। यह योजना विशेषज्ञ बनायेंगे।

सांसद श्री राकेश सिंह ने माँ नर्मदा का विश्व की प्राचीनतम धरोहर के रूप में संरक्षण करने के लिये कहा। सांसद श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि समाज को माँ नर्मदा के साथ मर्यादित आचरण करना होगा। सिने अभिनेता श्री आशुतोष राणा ने रेत के बिना निर्माण कार्य करवाने पर विचार करने को कहा। संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान देश के एकमात्र राजनेता हैं जिसने नदी पुनर्जीवन का संकल्प लिया है। इन वक्ताओं सहित सभी धर्मों के धर्मगुरूओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए माँ नर्मदा के संरक्षण को सबसे बड़ा धर्म बताया।

प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान नर्मदा सेवा यात्रा के ध्वज को लेकर कार्यक्रम में पहुँचे। उन्होंने मंचासीन धर्मगुरूओं का स्वागत और कन्या-पूजन किया। इसके बाद श्री चौहान नर्मदा आरती में शामिल हुये। यात्रा में महिला-पुरूषों सहित अपार जनसमूह उमड़ पड़ा। लोगों में भारी उत्साह था।

मंचासीन धर्मगुरूओं में परम पूज्य संत श्री अखिलेश्वरानंद, जगतगुरू श्यामादेवाचार्य, संत श्री गिरीशानंद सरस्वती, संत श्री भैयाजी सरकार, संत श्री दया सिंह, आर्चबिशप जे. अलमिडा व पी.सी. सिंह, हाजी मुश्ताक अली, हाजी लाल कादरी, दीदी मंदाकिनी, साध्वी प्रज्ञा भारती सहित प्रदेश के वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार, लोक स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री शरद जैन, यात्रा के संयोजक डॉ. जीतेन्द्र जामदार, विधायक श्रीमती प्रतिभा सिंह, महापौर जबलपुर श्रीमती स्वाति गोडबोले, महापौर कटनी श्री शशांक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा पटेल, श्री अभिलाष पाण्डे आदि जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान का ग्राम हरदुली में भव्य स्वागत

'नमामि देवी नर्मदे''-सेवा यात्रा के 16वें दिन यात्रा में शामिल होने आज मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जबलपुर जिले के ग्राम हरदुली पहुँचे। मुख्यमंत्री का आदिवासी समुदाय ने पारम्परिक वाद्य-यंत्रों और लोक-धुनों के साथ भव्य स्वागत किया।

साम्प्रदायिक सौहार्द का संदेश दे रही है यात्रा

'नमामि देवी नर्मदे''-सेवा का जबलपुर जिले में प्रवेश के दौरान ग्राम हरदुली में मुस्लिम समुदाय के लोग भी यात्रा में शामिल हुए। मुस्लिम बंधुओं ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत किया। मुख्य रूप से राष्ट्रीय मुस्लिम मंच और मुस्लिम एक्शन कमेटी के प्रतिनिधि यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का नागरिकों ने पूरे मार्ग में पुष्प वर्षा से स्वागत किया।

 

Share This News :