Homeअपना मध्यप्रदेश,
द्वारिकापीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य बोले- सरकार को मंदिरों पर शासन का अधिकार

ब्राह्मण महाकुंभ में द्वारिकापीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज ने कहा, मंदिरों पर शासन करने का अधिकार सरकार को नहीं है। धर्मनिरपेक्ष सरकार किसी भी मंदिर का अधिग्रहण कैसे कर सकती है। ब्राह्मणों में अनेकता होने के कारण दूसरे लोग आप पर शासन करते हैं। जिस समाज में सभी नेता बन जाते हैं, वो समाज उत्थान नहीं कर पाता। ब्राह्मण हर पार्टी में चला गया है। अब दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपने समाज का उत्थान करें।

रविवार को महाकुंभ भोपाल के जंबूरी मैदान में हो रहा है। प्रदेशभर से समाज के लोग इसमें जुटे हैं। मकसद- अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस महाकुंभ में शामिल हुए हैं। महाकुंभ में धर्म परिवर्तन पर बात रखते हुए जगद्गुरु ने आगे कहा, जिस जाति से आपके माता-पिता हैं, वह जाति कभी परिवर्तित नहीं की जा सकती। इसलिए किसी को भी धर्म परिवर्तन करने की आज्ञा प्रदान नहीं की जाती है।

उन्होंने कहा, जिस धर्म में हम पैदा हुए हैं, क्या उसके गुण-दोष जानते हैं? जिस धर्म का त्याग कर रहे हैं, उसमें क्या कमी है या क्या गुण और दोष हैं? और जिस धर्म में जा रहे हैं, उसके गुण या दोष जानते हैं? गुण और दोष का निर्णय करने में बौद्धिक समझ है क्या? इसी अज्ञानता के कारण लव जिहाद जैसे षड्यंत्र किए जा रहे हैं। इस बात का ख्याल रखिए कि राम हमारे आराध्य हैं, आराध्य थे और रहेंगे। कुछ लोग चाहते हैं कि तुमसे भगवान छीन लिए जाएं, लेकिन परमात्मा हमसे दूर नहीं जा सकता और हम उसके बिना नहीं रह सकते।

रामेश्वर शर्मा बोले- अब हिंदुस्तान की बेटी बाबर-अकबर को नहीं ब्याही जाएगी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ब्राह्मण समाज कमजोर नहीं है। इस देश में शासन व्यवस्था को दिशा देने का काम ब्राह्मण ने किया है। लव जिहाद के बारे में गंभीरता से मंथन करने की जरूरत है। धर्म संस्कृति के लिए हमें अपने परिवारों को संभालने की जरूरत है। ऐसे आतातायी लोग, जो समाज के अंदर इस प्रकार की चीजें करते हैं, ब्रह्म समाज के लोगों को इसके लिए ताकत के साथ खड़ा होने की जरूरत है। नहीं तो हम केवल भाषण देते रहेंगे, नीचे जमीन खत्म हो जाएगी।

भोपाल की हुजूर सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, हिंदुस्तान की बेटी, बाबर-अकबर के यहां नहीं ब्याही जाएगी। अब राम-श्याम के यहां ब्याही जाएगी। अभी तो राम का मंदिर बनना शुरू हुआ है, चिंता मत करो, हर मंदिर बनेगा। भोपाल दक्षिण-पश्चिम से विधायक पीसी शर्मा ने कहा, राम के साथ सीता को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले गरीब बच्चों की फीस सरकार को भरनी चाहिए।

Share This News :