Homeदेश विदेश ,slider news,
यूएई में दाऊद की 15 हजार करोड़ की संपत्ति जब्त, डोवाल ने सौंपा था डोजियर

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सरकार ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम की 15 हजार करोड़ की संपत्ति जब्त की है। ऐसा माना जा रहा है कि मुंबई सीरियल ब्लास्ट के मास्टरमाइंड दाऊद के खिलाफ की गई यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। यूएई में दाऊद के कई होटल और कई बड़ी कंपनियों में शेयर हैं। यूएई प्रशासन ने दुबई में दाऊद की कई संपत्तियों को सील भी किया है।

भारत द्वारा एक गोपनीय सूची मिलने के बाद यूएई सरकार ने हाल में दुबई में दाऊद की संपत्तियों पर जांच शुरू की थी। यह लिस्ट यूएई प्रशासन को तब दी गई थी जब राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोवाल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते साल यूएई का दौरा किया था।

उस वक्त भारत सरकार ने यूएई सरकार से अनुरोध किया था कि वह दाऊद और उसके क्राइम सिंडिकेट से जुड़ी संपत्तियों को जब्त करे। भारत के डोजियर में कुछ संपत्तियों का उल्लेख भी किया गया था और खास तौर से ‘गोल्डन बॉक्स’ नाम की कंपनी का जिक्र था जिसे दुबई में कथित तौर पर दाऊद का भाई चलाता है।

डोजियर में उल्लेख किया गया था कि इस कंपनी को दाऊद का छोटा भाई अनीस इब्राहीम चलाता है। दुबई के अलावा दाऊद ने मोरक्को, स्पेन, यूएई, सिंगापुर, थाईलैंड, साइप्रस, तुर्की, भारत, पाकिस्तान और यूके में निवेश किया हुआ है।

Share This News :