कांग्रेस के 12 और उम्मीदवारों के नाम तय
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने बची हुई 18 सीटों में से 12 सीटों पर अपने उम्मीदवार तय कर लिए हैं। गुना में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव उम्मीदवार हो सकते हैं। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजगढ़ में भाजपा सांसद रोडमल नागर के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं। 2019 में दिग्विजय सिंह ने भोपाल से चुनाव लड़ा था, जहां साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने उन्हें शिकस्त दी थी। दिग्विजय इस समय राज्यसभा सदस्य हैं। सूत्रों के हवाले से दिग्विजय सिंह के साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और अरुण यादव भी लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। यादव को गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने उतारे जाने की अटकलें हैं। इसी तरह उनकी पारंपरिक सीट खंडवा से भी वह चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं, कांतिलाल भूरिया झाबुआ-रतलाम सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। कुछ और विधायकों को पार्टी चुनाव मैदान में उतार सकती है। कांग्रेस ने इससे पहले 12 मार्च को दस उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। भिंड से फूलसिंह बरैया, टीकमगढ़ में से पंकज अहिरवार, सतना से सिद्धार्थ कुशवाहा, सीधी से कमलेश्वर पटेल, मंडला से ओंकारसिंह मरकाम, छिंदवाड़ा से नकुल नाथ, देवास से राजेंद्र मालवीय, धार से राधेश्याम मुवेल, खरगोन से पोरलाल खरते और बैतूल से रामू टेकाम को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर भाजपा ने सभी 29 सीटों के लिए अपने प्रत्याशी पहले ही घोषित कर दिए हैं।