Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
एमपी भाजपा के इन तीन नेताओं में बड़ी 'जंग', जीत के मार्जिन से केंद्र में कद बढ़ाने का लक्ष्य

मध्य प्रदेश में चार चरणों में लोकसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में भाजपा का पक्ष मजबूत दिखाई दे रहा है। ऐसे में भाजपा की तरफ से लोकसभा चुनाव लड़ रहे बड़े नेता अधिकाधिक मतों के अंतर से जीतने का जोर लगा रहे हैं। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो से प्रत्याशी वीडी शर्मा के लिए अमित शाह जैसे बड़े नेता की रैली हो रही है। जबकि खजुराहो में इंडिया गठबंधन समर्थित समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन खारिज हो गया है। वहीं, विदिशा से पांच बार सांसद रहे शिवराज सिंह चौहान लगातार अपने क्षेत्र में संपर्क करने में जुटे हुए हैं।गुना सीट से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी रिकॉर्ड मंतों से जीतने के लिए पूरे परिवार के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं . राजनीतिक पंडितों का मानना है कि इसके पीछे की वजह बड़ी जीत हासिल कर केंद्रीय नेतृत्व के सामने मजबूत छवि बनाना है। 

विदिशा भाजपा का गढ़, शिवराज लगा रहे जोर
विदिशा सीट भाजपा का गढ़ है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पांच बार सांसद रहे। 2005 में मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बावजूद उन्होंने विदिशा क्षेत्र को नहीं छोड़ा। त्योहार या किसी ना किसी कार्यक्रम के बहाने जनता के बीच पहुंचते रहे। अब मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद पार्टी ने उनको 20 साल बाद विदिशा लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया, जिसके बाद से वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे कार्यकर्ताओं के घर भोजन करने के साथ ही रात रुक भी रहे हैं। 

प्रदेश से नए चेहरों को मिल सकता है मौका 
जानकारों का कहना है कि वीडी शर्मा का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल पहले ही पूरा हो गया है। लोकसभा चुनाव के बाद उनका प्रदेश अध्यक्ष पद से हटना तय माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी कोई बड़ी भूमिका नहीं मिली है। प्रदेश के दो केंद्रीय मंत्रियों को पार्टी ने विधानसभा चुनाव लड़ा कर राज्य में भेज दिया है। ऐसे में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश से नेतृत्व करने के लिए नए चेहरों का मौका मिलेगा। ऐसे में प्रदेश के दिग्गज नेता बड़ी जीत से चुनाव जीत कर केंद्रीय नेतृत्व के सामने अपना कद बढ़ाना चाहते हैं। 

 
 
 

Share This News :