बांग्लादेश: ISKCON मंदिर फूंका, हिंदुओं को घरों से निकालकर पीटा, दुकानें लूटीं...
बांग्लादेश में हिंसा और आगजनी के बीच अब उपद्रवियों ने अल्पसंख्यक हिंदुओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया. भीड़ चुन-चुनकर हिंदुओं को निशाना बना रही है. घरों में आग लगाई जा रही है. दुकानों को लूटा जा रहा है. इस बीच बांग्लादेश के मेहरपुर इस्कॉन मंदिर की तस्वीरें सामने आई हैं. दंगाइयों ने तोड़फोड़ करने के बाद इस मंदिर को आग के हवाले कर दिया.
बांग्लादेशी मीडिया द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक 27 जिलों में हिंदुओं के घरों और दुकानों को निशाना बनाया गया है. कीमती सामान को लूटा गया है. मंदिरों पर भी हमले किए गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक लालमोनिरहाट सदर उपजिले में धार्मिक हिंदू कार्यों से जुड़े पूजा समिति के सचिव प्रदीप चंद्र रॉय के घर में तोड़फोड़ और लूटपाट की गई है.
मंदिर में तोड़फोड़, घरों पर अटैक
रिपोर्ट के मुताबिक हिंदुओं को घरों से निकालकर पीटा जा रहा है. उनकी दुकानों में लूटपाट की जा रही है. इन हमलों के कारण हिंदू डर के साए में रह रहे हैं. बताया जा रहा है कि दिनाजपुर कस्बे और दूसरे उपजिलों में 10 हिंदुओं के घरों पर हमला हुआ है. हमलावरों ने कस्बे के रेलबाजारहाट में एक मंदिर में भी तोड़फोड़ की है.
भीड़ ने हिंदुओं के घरों को बनाया निशाना
खुलना में बिमान बिहारी अमित और अनिमेष सरकार के घरों पर शाम करीब 5 बजे तोड़फोड़ की गई. रूपशा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत हैसगती गांव के श्यामल कुमार दास और स्वजन कुमार दास के घरों पर भी हमला किया गया और लूटपाट की गई.
इस्कॉन मंदिर पर हमले के बाद चटगांव इस्कॉन पुंडरीक धाम के अध्यक्ष चिन्मय कृष्णन दास का बयान आया है. उन्होंने कहा है कि शेख हसीना के भारत जाने के बाद हिंदू मंदिरों पर हमले शुरू हो गए हैं. उन्होंने आगे बताया,'मेहरपुर इस्कॉन मंदिर पर हमला किया गया, आधी रात को भीड़ ने तोड़फोड़ की. चटगांव में तीन मंदिर खतरे में हैं. हिंदू समुदाय और कुछ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मंदिरों की रक्षा की है. चटगांव में पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स से मदद मांगी गई है. वे खुद ही वेश बदलकर भाग रहे हैं. हिंदू और अल्पसंख्यक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. कई लोग पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के रास्ते भारत भाग रहे हैं. सेना स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है.'