राज्यसभा-लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, स्पीकर ने सभी दलों के नेताओं के साथ की बैठक
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने विनेश फोगाट मामले में खेल मंत्री के बयान की आलोचना करते हुए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश किया था। हालांकि स्पीकर ने इसकी मंजूरी नहीं दी। वहीं राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड़ और सपा सांसद जया बच्चन के बीच तीखी बहस हो गई।वहीं संसद के मानसून सत्र के समापन के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक की।
संसद में जो कुछ हो रहा है, वह स्वतंत्र भारत में कभी नहीं हुआ- प्रियंका
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को कहा कि संसद में जो कुछ हो रहा है, वह स्वतंत्र भारत के इतिहास में कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राम मनोहर लोहिया की तीखी टिप्पणियों और उन्हें सुनने में जवाहरलाल नेहरू के धैर्य को आज भी उदाहरण के तौर पर देखा जाता है। प्रियंका गांधी की यह टिप्पणी शुक्रवार को राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ और इंडिया गठबंधन के दलों के बीच मतभेद के बाद आई है, जिसमें कांग्रेस ने सभापति पर पूरे विपक्ष के खिलाफ पक्षपातपूर्ण तरीके से काम करने का आरोप लगाया है। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे लोकतंत्र की सशक्त आवाज हैं। संसदीय राजनीति में उन्हें 50 साल का अनुभव है। संसद के अंदर उनका अपमान करना, उन्हें बोलने नहीं देना, माइक्रोफोन बंद कर देना और सत्ता में बैठे लोगों का वरिष्ठ महिला सदस्यों का अपमान करना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
वहीं संसद की कार्यवाही अनिश्चितकाल के स्थगित होने के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, दोनों सदनों में जो विधेयक पारित हुए उनमें जम्मू-कश्मीर विनियोग विधेयक, विनियोग विधेयक 2024, वित्त विधेयक 2024 शामिल हैं। इतने सालों के बाद बजट सत्र का एक भी दिन बर्बाद नहीं हुआ। सांसदों ने दोनों सदनों में बहुत अच्छे से हिस्सा लिया।
लोकसभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। संसद का मौजूदा सत्र 12 अगस्त को समाप्त होने वाला था, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया। वहीं आज ही राज्यसभा की कार्यवाही भी अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है। इससे पहले ओम बिरला ने कहा कि सदन की उत्पादकता 130 प्रतिशत से अधिक रही। इस सत्र के दौरान सदन ने वित्त विधेयक, 2024 और विनियोग विधेयक, 2024 सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए - जो केंद्रीय बजट के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसके अतिरिक्त, जम्मू और कश्मीर विनियोग विधेयक, 2024 और भारतीय विमान विधेयक, 2024 पारित किए गए चार विधेयकों में से थे। सत्र में वक्फ अधिनियम, 1995 में संशोधन के लिए एक विधेयक भी पेश किया गया, जिसे बाद में इसके प्रावधानों पर विपक्षी सदस्यों के विरोध के बीच संसद की एक संयुक्त समिति को भेज दिया गया। स्पीकर ने सत्र के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और विभिन्न दलों के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।