Homeमनोरंजन ,
नहीं रहा अक्षय का सबसे प्यारा फैन, 12 साल के मुदित का निधन

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार का नन्हा फैन मुदित अब इस दुनिया में नहीं रहा, आज सुबह जयपुर में उसका निधन हो गया। बिग बॉस के पूर्व प्रतियोगी इमाम सिद्दिकी ने न्यूज 18 इंडिया डॉटकॉम को इस दुखद खबर की जानकारी दी है।
मुदित को एक ऐसी बीमारी थी, जिसका कोई इलाज नहीं है। मासूम मुदित सालों से इस बीमारी से लड़ रहा था। उसकी एक ही ख्वाहिश थी अपने फेवरेट स्टार अक्षय कुमार से मिलने की। मुदित की मां आशा भाटिया ने अपने बेटे की इच्छा पूरी करने के लिए एक संस्था से संपर्क किया था।
इस संस्था ने मुदित का सपना पूरा किया और अक्षय कुमार से उसे मिलाया। अक्षय ने भी दरियादिली दिखाते हुए मुदित के साथ पूरा वक्त बिताया और उसे खूब सारा प्यार दिया था। यही नहीं अक्षय मुदित और उसके परिवार से हमेशा संपर्क में रहे।
अक्षय ने मुदित के 12वें जन्मदिन पर उसे मुंबई बुलाया था और अपने बिजी शेड्यूल में से वक्त निकालकर अपने वैनिटी वैन में ही मुदित के बर्थडे सेलिब्रेशन का सारा इंतजाम किया था। अपने फेवरेट स्टार के साथ बर्थडे मनाकर वो बेहद खुश था।
नन्हा मुदित 11 जनवरी को रात में सो रहा था और सुबह नींद में ही इस दुनिया को अलविदा कह गया। अपने कलेजे के टुकड़े की ये हालत देखकर मुदित की मां आशा भाटिया का बुरा हाल है। मुदित के घर वालों ने इमाम सिद्धिकी को इस बुरी खबर की जानकारी दी। इमाम के लिए भी ये खबर बेहद दुखी करने वाली है, वो खुद इस परिवार से और मुदित काफी लगाव रखते हैं।

Share This News :