सीएम बोले- होटल अमलतास का संचालन सिर्फ महिलाओं द्वारा किया जाना मध्य प्रदेश का गौरव
![](admin/news_image/435693c352249f6e4bdbf3343cf96593.jpg)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पचमढ़ी में होटल "एमपीटी अमलतास" का शुभारंभ किया, जो केवल महिलाओं द्वारा संचालित होगा। इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रयास न केवल मध्यप्रदेश, बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि होटल अमलतास का संचालन सिर्फ महिलाओं द्वारा किया जाना मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह प्रयास महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में हमारे संकल्प को प्रदर्शित करता है। इस पहल से अन्य राज्य भी प्रेरणा लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पचमढ़ी में महिलाओं द्वारा संचालित प्रथम होटल "एमपीटी अमलतास" के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति महिला प्रधान संस्कृति है। हमारे नक्षत्र मंडल और सौर मंडल में भी माता को प्रधानता दी गई हैं। सभी ग्रह पुरुष प्रधान है लेकिन वसुंधरा यानि धरती माता प्रधान है। हम धरती को मां मानकर प्रणाम करते है और आशीर्वाद लेते है। वैसे ही समाज में भी परिवार की धूरी हमारी माता और बहने है। विश्व में 200 से अधिक देश है लेकिन भारत देश को मां का स्थान दिया गया है। भारत माता बोलते ही जय का उद्घोष स्वतः ही आ जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी मातृ संस्कृति और परंपरा देवी और देवताओं के स्मरण करने में भी झलकती है। माता के बिना किसी भी देवता को याद करना अधूरा माना जाता है जैसे सीता राम, राधा कृष्ण। माता का नाम पहले और देवता का नाम बाद में पुकारा जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतपुड़ा की गोद में महिला शक्ति को समर्पित इस अनूठे प्रयास के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर होटल अमलतास के संचालन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होटल अमलतास में संचालन के लिए कार्यरत सभी महिलाओं से परिचय प्राप्त कर सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सिक्योरिटी गार्ड माला चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार देने की पहल का धन्यवाद दिया।