सौरभ का नार्को टेस्ट करा सकती है पुलिस, अभी तक नहीं खोला काली कमाई का राज
प्रदेश परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा से सात दिन की पूछताछ में लोकायुक्त पुलिस को जानकारी निकालने में खास सफलता नहीं मिली है। पुलिस अब दूसरे तरीकों से सौरभ से राज उगलवाने की तैयारी में है।
नार्को टेस्ट कराने पर भी पुलिस विचार कर रही है। इसके लिए विधि विशेषज्ञों की राय ली जाएगी। कोर्ट की अनुमति से नार्को टेस्ट कराया जा सकेगा। दरअसल, इस मामले में कई बड़े नेताओं और अधिकारियों का नाम भी आ रहा है, इस कारण सौरभ और उसका सहयोगी चेतन सिंह गौर मुंह नहीं खोल रहे हैं।सबसे बड़ा प्रश्न तो यही है कि पुलिस यह नहीं पता कर पाई है कि कार में मिला 54 किलो सोना और 10 करोड़ रुपये नकद किसके हैं? सोना कहां से आया? खरीदी के लिए भुगतान किसने और किस माध्यम से किया?
जीनकारी नहीं उगलवा सकी पुलिस
पुलिस हिरासत में लेकर तीनों से एक सप्ताह तक पूछताछ की पर सौरभ की संपत्तियों के बारे में पुलिस खास जानकारी नहीं उगलवा सकी। मंगलवार को सौरभ सहित तीनों आरोपितों को जेल भेजने के न्यायालय के आदेश के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी आरोपितों से पूछताछ के लिए कोर्ट में आवेदन लगाया।