शिवपुरी के भूगर्भ में सोना होने की संभावना, नैनागिरि में मिला क्वार्टज का भंडार
शिवपुरी। जियोलाजिकल सर्वे ऑफ इंडिया ने जिले के 108 वर्ग किमी भूगर्भ में बेस मेटल(अलौह अयस्क) और सोना होने की संभावना जताई है। खनिज विभाग से पूछा गया है कि क्या यहां किसी की लीज तो नहीं है। इसी तरह नैनागिरि में खनिज विभाग को क्वार्टज (ग्लास) का बड़ा भंडार और कोलारस में ढाई हेक्टेयर जमीन में फायर क्ले का पहाड़ मिला है। इसका उपयोग फायर ब्रिक्स या टाइल्स बनाने में होता है।जियोलाॅजिकल सर्वे ऑफ इंडिया ने प्रारंभिक सर्वे में पाया है कि शिवपुरी जिले के खाजरा, देवरी, क्यारा, अछारेमी गांवों की करीब 108 वर्ग किमी जमीन में बेस मेटल और सोना हो सकता है।
इसके बाद संभागीय खनिज अधिकारी को पत्र लिखकर इस बारे में जानकारी मांगी गई थी। उनसे पूछा गया है कि क्या यहां पर किसी की कोई लीज तो नहीं है, साथ ही क्या यह शासकीय भूमि है।
अनुमति मिलने के बाद जियोलाजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की टीम एक्सपर्ट के साथ यहां पर जांच पड़ताल करेगी।