एक दशक की आप-दा से दिल्ली मुक्त हुई, भाजपा की भव्य जीत पर बोले मोदी; बड़ी बातें

पीएम मोदी ने कहा, "जहां-जहां एनडीए को जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और यही कारण है कि भाजपा लगातार जीत रही है। लोग दूसरी और तीसरी बार हमारी सरकारें चुन रहे हैं... उत्तर-पूर्व में हमारी सरकारों ने लोगों को विकास की नई धारा से जोड़ा है। एक समय था जब गुजरात में पानी का बहुत बड़ा संकट था, खेती करना मुश्किल था, लेकिन आज वही गुजरात कृषि की महाशक्ति बनकर उभरा है। नीतीश जी से पहले बिहार की स्थिति याद कीजिए। बिहार में नीतीश जी को मौका मिला, बदलाव भी एनडीए सरकार आने पर ही आया। इसी तरह, आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू ने अपना ट्रैक रिकॉर्ड साबित किया है। ये सारे उदाहरण बताते हैं कि एनडीए का मतलब विकास की गारंटी है, एनडीए का मतलब सुशासन की गारंटी है।" उन्होंने कहा, "...नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारा सबसे बड़ा रक्षा कवच है और आज एक बार फिर दिल्ली में नारी शक्ति ने हमें आशीर्वाद दिया है। ओडिशा हो, महाराष्ट्र हो या हरियाणा, हमने हर राज्य में नारी शक्ति से किए गए हर वादे को पूरा किया है...आजादी के बाद पहली बार दिल्ली एनसीआर के हर राज्य में भाजपा सत्ता में आई है...राजस्थान, यूपी, हरियाणा, हर पड़ोसी राज्य में भाजपा की सरकार है..."
शीशमहल पर भी पीएम का अटैक
पीएम मोदी ने कहा, "ये 'आप-दा' के लोग ये कहकर राजनीति में आए थे कि हम राजनीति को बदल देंगे, लेकिन ये लोग पूरी तरह से बेईमान निकले। आज मैं अन्ना हजारे जी का वक्तव्य सुन रहा था। अन्ना हजारे जी इन लोगों के कुकर्मों का दर्द लंबे समय से झेल रहे हैं। आज उन्हें भी उस दर्द से मुक्ति मिली होगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से जन्मी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। ये देश की ऐसी पार्टी बन गई जिसके मुख्यमंत्री और मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल चले गए। जो लोग खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट देते थे, वो भ्रष्ट निकले। ये दिल्ली के साथ बहुत बड़ा धोखा था। शराब घोटाले ने दिल्ली को बदनाम कर दिया। स्कूल और अस्पतालों में हुए घोटालों ने गरीब से गरीब को परेशान कर दिया और ऊपर से इनका अहंकार इतना ज्यादा था कि जब दुनिया कोरोना से निपट रही थी, तब ये लोग 'शीश महल' बना रहे थे..."
यमुना पर पीएम का संकल्प
भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, "...दिल्ली का अस्तित्व ही मां यमुना की गोद में पला-बढ़ा है। यमुना की हालत देखकर दिल्ली के लोग रो रहे हैं क्योंकि दिल्ली में AAP-DA ने इस आस्था का अपमान किया है। अपनी नाकामी के लिए इतना बड़ा आरोप हरियाणा के लोगों पर लगाया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया है कि हम यमुना जी को दिल्ली की पहचान बनाएंगे। मैं जानता हूं ये बहुत मुश्किल नहीं है। चाहे कितना भी समय लगे, चाहे कितनी भी ऊर्जा लगे, लेकिन अगर संकल्प मजबूत है तो यमुना जी का आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ रहेगा।"
गरीब, झुग्गी में रहने वालों ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया- मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार दिल्ली में गरीब, झुग्गी में रहने वाले और मध्यम वर्ग ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया है और हर वर्ग के बहुत सारे पेशेवर हमारी पार्टी में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "इसका सबसे बड़ा कारण ये है कि हमारी पार्टी ने हमेशा मिडिल क्लास को अपनी प्राथमिकता पर रखा है।" मोदी ने कहा कि यह सुखद संयोग ही है कि पहली बार दिल्ली एनसीआर के हर प्रदेश में भाजपा का शासन आया है और ये आजादी के बाद पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता टूटी सड़कें, कूड़े के ढेर, ओवर फ्लो सीवर और प्रदूषित हवा से त्रस्त रही है और अब यहां बनने वाली भाजपा सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी।
इससे पहले Delhi Elections में पार्टी की जीत पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "लोकसभा में दिल्ली की जनता ने भाजपा को सभी 7 सीटों पर जिताया और इस विधानसभा चुनाव में आपने हमें 48 सीटों पर जिताया, संदेश स्पष्ट है - 'दिल्ली के दिल में मोदी हैं'..." नड्डा ने कहा, “आज इस ऐतिहासिक क्षण पर मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देना चाहता हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा एक के बाद एक विजयी हो रही है।”