दोस्त ही निकले लापता युवक के हत्यारे, शवयात्रा के दौरान एक आरोपी के घर पथराव
घूमने गए तीन दोस्तों में विवाद के दौरान दो साथियों ने मिलकर तीसरे की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद दोनों दोस्त मृतक के परिजनों के साथ उसकी लाश तलाशने में जुटे रहे। पुलिस ने आरोपी दोस्तों की निशानदेही पर लाश बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।गोहलपुर के प्रभारी सीएसपी बीएस गठोरिया के अनुसार आठ मई को घमापुर थानांतर्गत शीतला माई क्षेत्र निवासी गोलू उर्फ अमन श्रीवास उम्र 22 साल अपने दोस्त शुभम तिवारी उम्र 24 साल निवासी सरकारी कुआं तथा साहिल डेनियन उम्र 22 साल निवासी घमापुर के साथ घूमने गया था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके दोस्तों से संपर्क किया। दोनों दोस्तों ने बताया कि लौटने के बाद गोलू घर जाने का बात बोलते हुए चला गया था। दोनों दोस्त परिजनों के साथ पतासाजी करने के बाद थाने पहुंचकर गोलू के लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि दोनों दोस्तों के बयान में अंतर है। शक होने पर पुलिस ने दोनों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने दोस्त की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि तीनों घूमते हुए व्हीकल मोड सड़क पर पहुंचे थे। इस दौरान विवाद होने पर दोनों ने पत्थर और लकड़ी के पट्टे से हमला कर दोस्त की हत्या करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। हत्या का घटनास्थल रांझी थानांतर्गत आता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।रविवार को मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया जा रहा था। रास्ते में आरोपी शुभम तिवारी का घर सरकारी कुआं क्षेत्र में पड़ा तो आक्रोशित भीड़ ने उसके घर पहुंचकर पथराव कर दिया। इसके कारण एक ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय आरोपी के घर में कोई नहीं था। इस घटना के संबंध में किसी व्यक्ति के द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।