यूक्रेन युद्ध खत्म करवाने में भारत का रोल अहम; PM मोदी से फोन कॉल के बाद EU चीफ लेयेन

चीन की यात्रा से लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार यूरोपीय यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ फोन पर बातचीत की। इस बातचीत की जानकारी देते हुए उर्सुला ने कहा कि यूक्रेन में चल रहे यु्द्ध को रोकने में भारत की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि रूस और उसके आक्रामक युद्ध को समाप्त करने और शांति की दिशा में एक रास्ता बनाने में भारत की एक महत्वपूर्ण भूमिका है। इतना ही नहीं उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति के लगातार संपर्क में रहने के लिए भी भारत को धन्यवाद दिया।
सोशल मीडिया साइट एक्स पर इस बातचीत की जानकारी साझा करते हुए लेयेन ने यूक्रेन युद्ध को वैश्विक चिंता बताया। उन्होंने लिखा, “यह युद्ध वैश्विक सुरक्षा के लिए बहुत हानिकारक है, यह दुनिया की आर्थिक स्थिरता को कमजोर करता है इसलिए यह दुनिया के लिए एक जोखिम है।”
भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच रिश्तों की मजबूती पर बात करते हुए लेयेन ने लिखा, “दोनों पक्ष भविष्य की ओर देख रहे हैं। ऐसे में 2026 में हम जल्दी ही यूरोपीय संघ-भारत शिखर सम्मेलन में एक संयुक्त रणनीतिक एजेंडे पर सहमत होने की योजना बना रहे हैं। इस वर्ष के अंत तक हम मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत पूरी करने के लिए भी पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए हमारी बातचीत जारी है।”