पैगंबर पर आपत्तिजनक टिप्पणी से सागर में बवाल, जामा मस्जिद कटरा बाजार जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मध्य प्रदेश के सागर शहर में एक बार फिर उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई जब ईद-मिलाद-उन-नबी के दूसरे ही दिन शहर के एक शख्स ने सोशल मीडिया पर मुस्लिम समाज के पैगंबर हजरत मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उसके बाद गुस्साए समाज के लोग सड़कों पर आ गए और उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर शहर की जामा मस्जिद कटरा बाजार की चारों रोड पर चक्का जाम कर दिया। हालात को देखते हुए तत्काल पुलिस बल सक्रिय हुआ और भीड़ को तितर बितर किया गया।
दरअसल शहर के मोती नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले हरीश कोरी नामक शख्स सहित एक अन्य युवक ने सोशल मीडिया पर मुस्लिम समाज के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस टिप्पणी के बाद जैसे ही यह खबर समाज में फैली तो बवाल मच गया। समाज के लोग सड़कों पर उतर आए। उन्होंने शहर के मुख्य कटरा बाजार के चारों रोड पर चक्का जाम कर दिया। साथ ही कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस अमला मौके पर पहुंचा और भीड़ को समझाइश के बाद सड़क से हटाया गया।