Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
कलेक्टर के नाम से बना फर्जी फेसबुक अकाउंट, पूर्व सहयोगी से मांगे 75 हजार

कलेक्टर मृणाल मीणा के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। इस अकाउंट का इस्तेमाल कर एक ठग ने कलेक्टर के पूर्व सहयोगी से 75 हजार रुपए की मांग की।

उज्जैन जिला पंचायत में पदस्थ अकाउंट ऑफिसर यशवंत गोठवाल को फर्जी अकाउंट से मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने खुद को कलेक्टर मीणा का दोस्त और सीआरपीएफ अफसर बताया। उसने ट्रांसफर का हवाला देते हुए घरेलू सामान बेचने की बात कही और 75 हजार रुपए मांगे।

पांच रुपए भेजकर चेक किया खाता
यशवंत ने शंका के चलते पहले आरोपी द्वारा बताए गए अकाउंट में सिर्फ पांच रुपए भेजे। इसके बाद उस व्यक्ति ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल शुरू कर दिया। यशवंत ने तुरंत कलेक्टर मृणाल मीणा से बात की। तब साफ हुआ कि यह ठगी का प्रयास है।

कलेक्टर ने की शिकायत
कलेक्टर मीणा ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से ऐसे फर्जी अकाउंट की जानकारी मिल रही थी। उन्होंने तुरंत फर्जी अकाउंट का यूआरएल नंबर लेकर फेसबुक और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर मृणाल मीणा ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके नाम से बने किसी भी अकाउंट से पैसे मांगे जाते हैं तो वे पैसे न भेजें और तुरंत उस अकाउंट को ब्लॉक कर दें।

Share This News :