कांग्रेस का प्रदर्शन हादसे में बदला, तीन पुलिसकर्मी झुलसे; पुतला दहन में लगी आग
छिंदवाड़ा जिले में रविवार को युवक कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अचानक हादसे में बदल गया। वोट चोरी के आरोपों को लेकर शहर के फव्वारा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और उसे बुझाने की कोशिश में पुलिसकर्मी ही इसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुतला जलाने के दौरान किसी ने उसमें पेट्रोल डाल दिया। इससे आग की लपटें तेज हो गईं।मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी आग बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन सब इंस्पेक्टर नारायण बघेल के कपड़ों में आग लग गई और वे झुलस गए। प्रधान आरक्षक युवराज रघुवंशी का हाथ जल गया, जबकि आरक्षक विकास बैस और सागर डेहरिया भी घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।कोतवाली टीआई आशीष कुमार ने कहा, “ज्वलनशील पदार्थ डालने से यह हादसा हुआ है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो देखे जा रहे हैं। जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
एसडीएम का बयान
वहीं, एसडीएम सुधीर जैन ने कहा कि इस प्रदर्शन के लिए कांग्रेस ने अनुमति नहीं ली थी। बिना अनुमति के प्रदर्शन के दौरान यह हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।कांग्रेस का पक्ष
जबकि इस पर युवक कांग्रेस ने सफाई दी है। जिला अध्यक्ष गोलू पटेल ने कहा कि यह हादसा कार्यकर्ताओं की वजह से नहीं हुआ है। पुतला दहन के दौरान कोई अज्ञात शख्स पेट्रोल डालने का प्रयास कर रहा था। हमारे किसी कार्यकर्ता ने ऐसा नहीं किया। हादसे के बाद पुलिस ने घटना स्थल पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। कांग्रेस नेताओं और प्रदर्शनकारियों पर नामजद एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।