पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष के बेटे का तांडव
हरदा : भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अमर सिंह मीणा के बेटे ने गांव में जमकर उत्पात मचाया। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी नितिन मीणा ने शराब के नशे में पंचायत भवन में रखी कुर्सियों, सीसीटीवी कैमरों और अन्य सरकारी संपत्तियों में तोड़फोड़ कर दी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।ग्रामीणों ने बताया कि उपद्रव के दौरान नितिन मीणा ने ग्राम सरपंच और उनके पिता को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।ग्राम सरपंच ने मामले की शिकायत थाना सिराली में दर्ज कराई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।ग्रामीणों का आरोप है कि भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अपने बेटे को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या नेता का बेटा कानून से ऊपर है? गांववालों के अनुसार नितिन मीणा पहले भी कई बार विवादित घटनाओं में शामिल रहा है लेकिन हर बार पिता के राजनीतिक प्रभाव के कारण मामला दबा दिया गया। इस बार भी उसके पिता का कहना है कि उन्हें और उनके बेटे को राजनीतिक कारणों के चलते फंसाया जा रहा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि गांव में अब भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।