मंत्री नारायण सिंह की जुबान फिसली -और यह क्या बोल गए -बगल में बैठे नेता सन्न रह गए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर प्रेसवार्ता आयोजित की गई थी। इस दौरान शाजापुर जिले के प्रभारी मंत्री एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायणसिंह कुशवाह की जुबान फिसल गई। पत्रकारों से चर्चा के दौरान दिए गए उनके बयान के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई।प्रेसवार्ता के दौरान एक मीडियाकर्मी ने मंत्री कुशवाह से सवाल किया कि क्या भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्रियों के कार्य बेकार रहे हैं, जो केवल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार की दो साल की उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं। इस सवाल के जवाब में मंत्री कुशवाह ने कहा कि उनके सारे काम बेकार थे, जिन्हें मुख्यमंत्री मोहन यादव आगे बढ़ा रहे हैं। यह बयान सामने आते ही चर्चा का विषय बन गयाऔर यह क्या बोल गए -बगल में बैठे नेता सन्न रह गए |बयान के बाद मंत्री नारायणसिंह कुशवाह ने अपने कथन को स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बाबूलाल गौर और उमा भारती के समय की योजनाओं को गति देने के साथ-साथ नए विजन के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पूर्ववर्ती योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए विकास की निरंतरता बनाए हुए है।
जिला अस्पताल के सवाल पर प्रतिक्रिया
प्रेसवार्ता में जब मंत्री से शाजापुर जिला अस्पताल की बदहाली को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय यह कह दिया कि नाश्ता-चाय नहीं हुआ क्या। उल्लेखनीय है कि जिला अस्पताल में अव्यवस्था और लापरवाही के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। कुछ दिन पहले शाजापुर विधायक अरुण भीमावद को एक मरीज के परिजन ने फोन कर अव्यवस्था की शिकायत की थी, जिसके बाद विधायक ने अस्पताल पहुंचकर नाराजगी भी जताई थी।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मंत्री कुशवाह ने इसके बाद सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला, गरीब और अन्य वर्गों के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 से मध्यप्रदेश में विकास की गाथा शुरू हुई। उस समय प्रदेश में लगभग सात लाख हेक्टेयर क्षेत्र में ही सिंचाई होती थी, जिसे शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में बढ़ाकर 47 लाख हेक्टेयर तक किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस सिंचाई क्षमता को और विस्तार देने का काम कर रहे हैं।