लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार की रिश्वत हाथ में लेते ही फंसा पटवारी
सिंगरौली। जिले में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिश्वतखोर पटवारी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। दुधमनिया तहसील अंतर्गत चुरकी हल्का में पदस्थ पटवारी अमरीश कुमार वैश्य को किसान से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने ट्रैप किया।
जानकारी के अनुसार पटवारी ने जमीन संबंधी कार्य में पुल्ली बनाने के एवज में कुल 30 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित किसान से पहली किस्त के तौर पर 10 हजार रुपये लेते समय उसे पकड़ लिया गया।
रीवा लोकायुक्त की 12 सदस्यीय टीम ने यह कार्रवाई की। लोकायुक्त निरीक्षक संदीप सिंह भदोरिया ने बताया कि ग्राम चुरकी निवासी शिकायतकर्ता किसान महेंद्र प्रसाद यादव ने अपनी जमीन के बटनवारा एवं नक्षत्र नीम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था। इसी कार्य की पुल्ली बनाने के बदले पटवारी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी।
किसान की शिकायत पर लोकायुक्त ने सत्यापन के बाद ट्रैप की योजना बनाई और आरोपी पटवारी को रंगेहाथ दबोच लिया। कार्रवाई के बाद पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी डर का माहौल है।