mp: भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में हाइड्रोजन गैस बैलून में ब्लास्ट, तीन लोग घायल
उज्जैन में भारतीय जनता युवा मोर्चा की स्वागत रैली के दौरान एक हादसा हो गया। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर गुरुवार को पहली बार उज्जैन पहुंचे थे। उनके उज्जैन आगमन के दौरान कार्यकर्ताओं ने रैली का आयोजन किया। इस दौरान लगाए गए गुब्बारे में हाइड्रोजन गैस में धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। टेलर के स्वागत में नानाखेड़ा से भाजपा कार्यालय तक कई स्वागत मंच लगाए गए थे। प्रदेश अध्यक्ष और काफिला जब सांवेर रोड पर दो तालाब के पास पहुंचा तो वहां हादसा हो गया। यहां पर युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष जयंत राव गरुड़ ने एक स्वागत मंच बनाया था। वह खुद और प्रदेश अध्यक्ष स्वागत मंच पर मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर को बड़ा हार पहनाया गया। पुष्प वर्षा चल रही थी। तभी प्रदेश अध्यक्ष के हाथ में गदा दी गई। एक कार्यकर्ता के हाथ में हाइड्रोजन गैस भरा छोटे-छोटे गुब्बारों का गुच्छा था, जो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के हाथों उड़वाना था। बलूनों का गुच्छा प्रदेश अध्यक्ष को दिए जाने के कुछ सेकंड पहले ही उनमें धमाका हो गया। वह इतना तेज था कि मंच पर अफरातफरी मच गई। मंच पर खड़े कुछ युवा नीचे गिर गए। वहीं, कुछ लोग मंच पर भी गिरते दिखाई दिए। खुद प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर मंच पर गिर गए, जिन्हें तत्काल उठाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई गंभीर घायल नही हुआ। मंच से गिरने व धमाके के कारण कुछ लोग मामूली हताहत हुए जो तत्काल संभल गए।