Gwalior: बेटे की शादी में शराब नहीं पिलाने पर भड़के पड़ोसी, दूल्हा-दुल्हन के साथ मारपीट
ग्वालियर में एक परिवार ने बेटे की शादी की खुशी में पड़ोसियों को शराब नहीं पिलाई तो बवाल मच गया। पड़ोसियों ने दूल्हे की मां, परिवार के सदस्यों और नई नवेली दुल्हन के साथ मारपीट कर दी और घरेलू सामान के साथ रुपए भी ले गए। बीच-बचाव में मेहमानों ने भी आरोपियों को पीट दिया। पीड़ित परिवार एसपी के पास पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रहा है। पुलिस ने एक पक्ष की ओर से मामला दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष की जांच जारी है।
दरअसल ग्वालियर देहात के आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव निवासी महेश जाटव की 30 मार्च को शादी हुई थी। शादी के बाद महेश अपनी दुल्हन को लेकर गांव पहुंचा था। रात के समय परिवार और मेहमान भोजन कर रहे थे, तभी गांव के ही मनोज जाटव, हरनाम, भीम और नवल किशोर जाटव वहां पहुंचे।आरोप है कि उन्होंने शादी की खुशी में शराब पीने के लिए रुपए की मांग की। जब महेश के परिवार ने शराब के लिए पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। बीच-बचाव करने आई दूल्हे की मां शीला जाटव और अन्य परिजनों के साथ-साथ दुल्हन की भी पिटाई कर दी गई।मारपीट के बाद आरोप है कि हमलावर घर में रखा सामान और कुछ नकदी रुपए लेकर चले गए। बाद में शादी में मौजूद मेहमानों ने भी विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।घटना की शिकायत लेकर दूल्हे की मां शीला जाटव परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।