बीना विधायक सप्रे बोलीं- मैं अब भी कांग्रेस में
मध्य प्रदेश की राजनीति में एक दिलचस्प मोड़ सामने आया है। बीना से विधायक निर्मला सप्रे ने हाईकोर्ट में दावा किया है कि वे अब भी कांग्रेस पार्टी की सदस्य हैं। यह बयान उस समय सामने आया, जब उनके खिलाफ दलबदल से जुड़ी याचिका पर सुनवाई चल रही है। मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा और न्यायमूर्ति विनय सराफ की खंडपीठ के समक्ष नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई हुई। इसी दौरान कोर्ट के सवाल पर सप्रे की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि वे अभी भी कांग्रेस में ही हैं।इस मामले में कोर्ट ने याचिकाकर्ता उमंग सिंघार को निर्देश दिया है कि वे 9 अप्रैल को विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष अपना पक्ष रखें। इसके बाद हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 20 अप्रैल को निर्धारित की गई है। बता दें कि उमंग सिंघार ने सप्रे के खिलाफ याचिका दायर कर उनका निर्वाचन निरस्त करने की मांग की है। उनका आरोप है कि सप्रे भाजपा में शामिल हो चुकी हैं, लेकिन उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया, जो दलबदल कानून का उल्लंघन है।