Homeदेश विदेश ,slider news,
पंजाब-गोवा में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन आज, सियासी दलों ने कसी कमर

गोवा और पंजाब में चुनाव प्रचार का गुरुवार को अंतिम दिन है. चुनाव के अंतिम दिन सभी राजनीतिक दल प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंकने जा रहे हैं. पंजाब और गोवा में 4 फरवरी को चुनाव है. नियम के मुताबिक 48 घंटे पहले गुरुवार को प्रचार अभियान शाम 5 बजे थम जाएगा. लिहाजा हर कोई राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है. दोनों ही राज्यों में प्रमुख दलों के बड़े चेहरे चुनाव प्रचार में उतर रहे हैं.

पंजाब में प्रचार के आखिरी दिन उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी लांबी में रोड शो करेंगे. आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का लुधियाना में रोड शो है. कांग्रेस ने पंजाब की सभी 117 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि आप 112 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. सत्ताधारी अकाली दल 94 और उसकी सहयोगी बीजेपी 23 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. इसके अलावा बीएसपी के 111 उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

चुनाव आयोग ने भी गुरुवार शाम से पूरे पंजाब में निषेधाज्ञा के आदेश जारी कर दिए हैं. यह निषेधाज्ञा गुरुवार शाम पांच बजे से प्रभावी होगी और शनिवार को मतदान समाप्त होने तक जारी रहेगी. पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी के सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 126 में उपलब्ध प्रावधानों के अनुसार दिशानिर्देश जारी किए गए हैं.

वहीं, गोवा में भी चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है. गोवा की 40 सीटों के लिए कुल 251 उम्मीदवार मैदान में हैं. कांग्रेस ने 37 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि बीजेपी 36 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और 2 निर्दलियों का समर्थन कर रही है. इसके अलावा आम आदमी पार्टी के 39 उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. एजेंसी एडीआर के मुताबिक बीजेपी के 97 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं जबकि कांग्रेस के 92 प्रतिशत प्रत्याशी करोड़पति हैं.

Share This News :