Home > अपना मध्यप्रदेश,
नर्मदा नदी किसी ग्लेशियर से नहीं निकली है

04 फरवरी 2017/ वन मंत्री डॉ. शेजवार ने की यात्रा की तैयारियों की समीक्षा

वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने कहा है कि जीवन-दायिनी माँ नर्मदा नदी किसी ग्लेशियर से नहीं निकली है, बल्कि इसका उद्गम एवं प्रवाह वर्षा-आधारित जल पर निर्भर है। इस बात को देखते हुए हमें नर्मदा नदी का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी से करना होगा। वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार आज बड़वानी में विचार गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

वन मंत्री ने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से माँ नर्मदा के संरक्षण के लिये किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वन मंत्री डॉ. शेजवार ने कहा कि ऐसे प्रयास किये जायें, जिससे जन-सामान्य, विशेषकर महिलाएँ अधिक संख्या में इससे जुड़ सकें। बैठक में जिला प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संगठन के माध्यम से किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी गयी। कलेक्टर बड़वानी श्री तेजस्वी एस. नायक ने बताया कि यात्रा की व्यवस्था के लिये नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गयी है। बैठक को पशुपालन मंत्री श्री अंतरसिंह आर्य, सांसद श्री सुभाष पटेल, विधायक श्री दीवान सिंह पटेल ने भी संबोधित किया।

यात्रा से संबंधित महत्वपूर्ण बिन्दु

  • पर्यावरण सुधार के लिये नर्मदा नदी के किनारे एक किलोमीटर की चौड़ाई में फलदार वृक्ष लगाये जायेंगे।

  • निजी भूमि पर किसान द्वारा वृक्ष लगाने पर लागत का 40 प्रतिशत तथा आगामी 3 साल तक प्रति एकड़ 20 हजार अनुदान।

  • वन भूमि पर पौध-रोपण सामाजिकी वानिकी करेगा।

  • नर्मदा किनारे बसे शहर में मल-जल को उपचारित करने के लिये प्लांट लगेंगे।

  • नर्मदा किनारे बसे छोटे गाँव में निकलने वाले मल-जल को रोकने का कार्य गठित नर्मदा सेवा समिति करेगी।

  • नर्मदा किनारे घाटों पर चेंजिंग-रूम बनेंगे और घाटों के पास पक्के विसर्जन-कुण्ड भी बनेंगे।

  • नर्मदा किनारे 5 किलोमीटर क्षेत्र की परिधि में शराब की दुकानें एक अप्रैल से बंद होंगी।

  • नर्मदा सेवा यात्रा के दौरान पत्तलों और मिट्टी के बरतनों का उपयोग होगा। प्लास्टिक का उपयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

Share This News :