Home > अपना मध्यप्रदेश,
जल-संरक्षण के उद्देश्यों को लेकर सेवा-यात्रा आगे बढ़ी

सेवा-यात्रा का खरगोन जिले में पहला चरण पूर्ण 

'नमामि देवि नर्मदे'-सेवा यात्रा अपने उद्देश्यों को लेकर सोमवार को खरगोन से बड़वानी जिले में प्रवेश कर गई। सोमवार को यात्रा ने रात्रि विश्राम बलगाँव में करने के बाद आगे की यात्रा सुबह प्रारंभ की। यात्रा को लेकर हर गाँव में वैसा ही जोश और जुनून देखने में आया जो जिले में प्रवेश के दौरान आलीबुजुर्ग में था। ग्राम बलगाँव के बाद सेवायात्रा ने खल बुजुर्ग, निमरानी, चिचली, मगरखेड़ी, सत्राटी, जारोली, कठोरा और भोईंदा होते हुए बड़वानी जिले के करामतपुरा में प्रवेश किया। इस दौरान यात्रा प्रभारी श्री भूपेंद्र आर्य, सांसद श्री सुभाष पटेल, पूर्व विधायक श्री आत्माराम पटेल, श्री बाबूलाल महाजन, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री प्रदीप पांडे और जन अभियान परिषद के समन्वयक श्री जगदीश पटेल भी उपस्थित थे।

हर गाँव में हुआ पौध रोपण

सोमवार को सेवा यात्रा में आने वाले सभी गाँव में पौधरोपण किया गया। पौधरोपण के दौरान छायादार और फलदार पौधे रोपित किए गए। पौधरोपण में न सिर्फ जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सहभागिता की बल्कि, ग्रामीणों में भी फलदार पौधों को लेकर गजब का उत्साह देखा गया। 

गाँव में गुँजायमान हुआ 'नमामि देवि नर्मदे'

सेवायात्रा जिन-जिन गाँवों में सोमवार को पहुँची उन सभी में गजब का उत्साह देखने को मिला। ऐसा माहौल था मानो गाँव में शादी या कोई त्यौहार हो। गाँव की कन्याओं में कलश यात्रा में शामिल होने को लेकर भी अदभुत उत्साह रहा। यात्रा के स्वागत में सड़कें फूलों से और आँगन रांगोलियों से सजाए गए थे। गाँव के हर व्यक्ति के मन से नमामि देवि नर्मदे, 'नमामि देवि नर्मदे' का उदघोष।

सेवायात्रा के उद्देश्य

नर्मदा नदी के संरक्षण एवं नदी में उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग एवं नर्मदा के संरक्षण के लिए जन-जागृति सबसे अहम उद्देश्यों में से एक है। नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों में वृक्ष लगाने एवं मृदा क्षरण को रोकने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण का भी उद्देश्य शामिल है। समाज को पर्यावरण हितैषी और कृषकों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना भी सेवा-यात्रा का उद्देश्य रहा है। समाज को जल-प्रदूषण के विभिन्न कारणों की पहचान एवं उनकी रोकथाम करने के उपायों के बारे में भी बताने के लिए सेवायात्रा प्रारंभ की गई है। इसके अतिरिक्त नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों को नशामुक्त बनाने की पहल भी सेवायात्रा द्वारा की गई। 

अब 4 मार्च का इंतजार

नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा खरगोन जिले में 4 मार्च को पुनः धार जिले से प्रवेश करेगी। सेवा यात्रा नर्मदा नदी के उत्तरी तट बड़वी में प्रवेश करेगी। चार मार्च से 7 मार्च तक खरगोन जिले में यात्रा रहेगी। यात्रा खरगोन जिले के नवघाटखेड़ी में रात्रि विश्राम कर 8 मार्च की सुबह देवास जिले में प्रवेश करेगी।

सेवायात्रा के लिए यहाँ करे संपर्क

'नमामि देवि नर्मदे'-सेवा यात्रा के लिए राज्य स्तर और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम 35 राजीव गांधी भवन, श्यामला हिल्स, भोपाल सपंर्क नंबर 0755-4911102, 4911103 और जिला स्तरीय कंट्रोल रूम जिला पंचायत खरगोन में बनाया गया है। यहाँ 07282-232073 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला स्तरीय नोडल अधिकारी के रूप में श्री संजय तिवारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत खरगोन है। इनका मोबाईल नंबर 88276-25026 है।

Share This News :