Homeराज्यो से ,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
अधिकारी ने लगाई फटकार तो टीसी ने काट ली नाक

मध्य प्रदेश में एक टिकट कलेक्टर ने अधिकारी की नाक काट ली. बताया जा रहा है कि आरोपी टीसी अधिकारी की डांट से नाराज चल रहा था.

जानकारी के मुताबिक, ये घटना पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) के जबलपुर मंडल के कटनी स्टेशन पर हुई.

राजकीय रेलवे पुलिस की अधीक्षक सविता सुहाणे ने बताया, '' कटनी जिला निरीक्षक ने जानकारी दी है कि टीसी नारायण मीणा ने बहस के बाद मुख्य टिकट निरीक्षक मनोज शर्मा की नाक पर काट लिया. '' घटना के बाद घायल अधिकारी को इलाज के लिए जबलपुर ले जाया गया है.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टीसी नारायण मीणा के खिलाफ भादंसं की धारा 326 (जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया.

डब्ल्यूसीआर के मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक मनोज सेठ के अनुसार घटना के बाद आरोपी टीसी को निलंबित कर दिया गया है.

डांट नहीं भुला पाया टीसी

बताया जा रहा है कि मुख्य टिकट निरीक्षक मनोज शर्मा ने कुछ समय पहले किसी गलती पर टीसी नारायण मीणा को डांट लगाई थी. उसके बाद से ही मीणा नाराज चल रहे थे. माना जा रहा है कि इसी घटना के चलते टीसी ने अधिकारी की नाक काट ली.

Share This News :