Homeअपना शहर ,खास खबरे,
वी.आई.पी. ही करा रहे हैं स्टेशन की प्रीमियम पार्किंग को फेल

ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वारों पर भीड़ व वाहनों के जाम रोकने के लिए बनाई गई प्रीमियम पार्किंग फेल हो गई हैं। प्रीमियम पार्किंग फेल होने का कारण स्टेशन पर आये दिन आने वाले वी.आई.पी. महानुभावों के वाहन हैं, जिसके कारण सारी पार्किंग व्यवस्था ध्वस्त हो रही है और चाहकर भी रेलवे अधिकारी कुछ नहीं कर पा रहे हैं।
रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म क्रमांक 1 के बाहर प्रवेश के लिए मुख्य सड़क पर यातायात रोककर स्कूटर, कार पार्किंग की जगह प्रीमियम पार्किंग की व्यवस्था की गई हैं, ताकि कार से रेल यात्रियों को छोड़ने आने वाले लोग यात्री को उतारकर आगे बढ़ सके। इसके लिए 20 मिनट तक के लिए फ्री पार्किंग का समय दिया हैं। यह सारी व्यवस्था यहां आये दिन विभिन्न ट्रेनों के समय लगने वाले वाहनों के जाम को रोकने के लिए की गई हैं। 
लेकिन स्टेशन परिसर में प्रीमियम पार्किंग का लाभ उठाने से नेता, मंत्री व अधिकारी बच रहे हैं। इनके वाहन प्रीमियम पार्किंग की लाइन पर न जाकर मुख्य पोर्च पर आ जाते हैं, जिससे स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों को सारी परेशानी उठानी पड़ती है। यदि रेल अधिकारी व ठेकेदार के कर्मचारी मुख्य पोर्च वाले मार्ग पर वाहन का प्रवेश रोकने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें दुत्कार कर भगा दिया जाता है। इसी लाइन पर मुख्य पोर्च में आने के लिए विकलांगों के वाहन भी वी.आई.पी. वाहनों के कारण नहीं आ रहे हैं, जिससे विकलांगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। जबकि रेलवे अधिकारियों का प्रयास हैं कि प्रीमियम पार्किंग में ज्यादा से ज्यादा वाहन आये और लोगों को 20 मिनट की फ्री पार्किंग का लाभ मिल सकें।

Share This News :