Homeखेल ,प्रमुख खबरे,
क्विंटन डि कॉक की धमाकेदार बैटिंग, ऑस्ट्रेलिया पर भारी पड़ा साउथ अफ्रीका

सलामी बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक (178) की करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने शुक्रवार को सुपर स्पोर्ट मैदान पर खेले गए पहले वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया को शुक्रवार को छह विकेट से हरा दिया। कॉक ने महज 113 गेंदों में 16 चौके और 11 छक्कों की मदद से साउथ अफ्रीका में सर्वश्रेष्ठ स्कोर खड़ा कर अपनी टीम को जीत दिलाते हुए पांच वनडे मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबानों के सामने 295 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उन्होंने महज 36.2 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
बनाए ढेरों रिकॉर्ड
कॉक ने इस मैच में रिकॉर्डो की झड़ी लगा दी। कॉक का यह स्कोर किसी भी साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले गैरी कर्स्टन ने 1996 विश्व कप में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ 188 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा कॉक का यह स्कोर रनों की पीछा करते हुए बनाया गया चौथा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया गया दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। इससे पहले भारत के रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रनों की पारी खेली थी।
कुछ ऐसे बरसे रन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम को कॉक और रिली रॉसो (63)ने शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 145 रन जोड़े। रॉसो के आउट हो जाने के बाद कॉक ने अकेले मोर्चा संभाला और टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा कर 280 के कुल स्कोर पर स्कॉट बोलैंड का शिकार बने। इन दोनों के अलावा फाफ डू प्लेसिस ने 26, जेपी डुमिनी 9 रनों का योगदान दिया। डेविड मिलर 10 और फरहान बेहरादिन पांच रनों पर नाबाद लौटे।
बोलैंड को 3 विकेट मिले
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से बोलैंड ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। एडम जाम्पा को भी एक विकेट लिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने जॉर्ज बेली (74) और जॉन हेस्टिंग्स (51) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 294 रनों का स्कोर खड़ा किया था। साउथ अफ्रीका की तरफ से अंदिले फेहुस्कवायो ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। डेल स्टोन को दो सफलताएं मिली। वेन पार्नेल और इमरान ताहिर को भी एक-एक विकेट मिला।

Share This News :