Homeराज्यो से ,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मंदसौर में किसानों की मौत: गुस्साए लोगों ने कलेक्टर को खदेड़ा, फाड़े कपड़े

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में आंदोलनकारी किसानों पर पुलिस फायरिंग में 6 किसानों की मौत के बाद राज्य की सियासत गरमाने लगी है. इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है. मंदसौर में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर के साथ धक्कामुक्की की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए. प्रदर्शनकारियों ने उन्हें और उनके साथ मौजूद अन्य अधिकारियों को वहां से खदेड़ दिया.

कांग्रेस ने जहां इसे लेकर राज्य की बीजेपी सरकार को घेरते हुए राज्य भर में बंद का आह्वान किया है, वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इसे कांग्रेस की सुनियोजित साजिश करार दिया है. इस बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज पीड़ित परिवारों से मिलने मंदसौर जाने वाले थे, लेकिन प्रशासन ने उनके हेलीकॉप्टर को लैंडिंग की इजाजत देने से इनकार कर दिया. वहीं राहुल की इस यात्रा से पहले उनकी करीबी मानी जाने वाली मिनाक्षी नटराजन को पुलिस को हिरासत में ले लिया है.

 

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने इससे पहले बीजेपी सरकार पर देश के किसानों के साथ 'युद्ध' करने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'यह सरकार हमारे देश के किसानों के साथ युद्ध कर रही है.' अगले ट्वीट में राहुल ने सवाल पूछते हुए कहा, 'बीजेपी के न्यू इंडिया में हक मांगने पर हमारे अन्नदाताओं को गोली मिलती है?'

Share This News :