Homeअपना शहर ,slider news,
कांग्रेस अपनी आखिरी सांसें गिन रही हैं - तोमर

* ग्वालियर संभाग में किसान संदेश यात्रा 29 से
ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के ग्वालियर संभाग की बैठक आज भारतीयम विद्या स्कूल शिवपुरी लिंक रोड पर संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जी, विशिष्ट अतिथिगण भाजपा के प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, संभागीय संगठन मंत्री शैलंद्र बरूआ जी, ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री गौरीशंकर बिसेन, महापौर विवेक शेजवलकर, किसान मोर्चा के अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत उपस्थित थे। मंच पर शिवपुरी, गुना, ग्वालियर ग्रामीण, अशोकनगर के जिलाध्यक्ष भी मौजूद थे। बैठक की रूपरेखा व संभागीय बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष देवेश शर्मा ने किया।
संभागीय बैठक के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा स्व. डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी, स्व. पं दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलन किया गया। बैठक की शुरूआत में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने संबोधित करते हुए कहा कि यह बैठक विशेष रूप से किसान संदेश यात्रा की विषय को लेकर आयोजित की जा रही है। किसान संदेश यात्रा 29 जून से प्रारंभ होकर 8 जुलाई को समाप्त होगी। तोमर ने बैठक में उपस्थित संभाग के सभी जिलों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक है इस बैठक के बाद किसान संदेश यात्रा शुरू होगी। तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसान हितैषी सरकार है। मध्यप्रदेश सरकार को किसान हितों में काम करने के कारण कई बार किसान कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है। राज्य में भाजपा की सरकार आमजन के अपेक्षानुरूप कार्य करने का सफलतम प्रयास कर रही है। पिछले सालों से जब कांग्रेस की सरकार थी तब मध्यप्रदेश बीमारू राज्यों की श्रेणी में था अब मध्यप्रदेश विकासशील राज्यों की श्रेणी में आ गया है। मध्यप्रदेश के किसान हितैषी कार्य अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है। मध्यप्रदेश सरकार की लोकप्रियता और किसान हितैषी कार्यों को देखकर कांग्रेस पार्टी बौखला गई है जिसका ताजा उदाहरण हमें मंदसौर में देखने को मिला वहां पर कुछ फसलों के दाम सही नहीं मिलने पर एक छोटा सा आंदोलन हुआ, उस आंदोलन को भी हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान भाईयों की मांग पूरी करते हुए समाप्त करवा दिया, पर प्रदेश का ऐसा दुर्भाग्य था कि कांग्रेस पार्टी को आंदोलन समाप्त होना नागबार गुजरा, उन्होंने भोलेवाले किसानों को बहकाकर आंदोलन को हिंसक बना दिया जिससे की दुखद घटना हुई।
कांग्रेस की पृष्ठभूमि पर सवालिया निशान लगाते हुए तोमर ने कहा कि अब देश में कांग्रेस आखिरी सांसें गिन रही है मप्र में कांग्रेस पूरी तरह से हताश है जबकि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ किसान हितों की भी चिंता कर रही है। सरकार के द्वारा दो रूपए किलो प्याज को आठ रूपए किलो में खरीदने का कार्य किया जा रहा है। मप्र की सरकार ने कृषि उत्पादों के लिए मूल्य स्तरीकरण कोष भी स्थापित किया है। तोमर ने आगामी किसान संदेश यात्रा को प्रभावी रूप से निकालने एवं यात्रा को विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचाने का आव्हान करते हुए उपस्थित पदाधिकारियों के बीच में कहा कि हम किसानों के बीच जाकर किसानों से 2003 और 2017 की तुलना सिंचाई, बिजली, सिंचाई का रकवा, यूरिया खाद्य की उपलब्धता जैस विषयों पर चर्चा करें। कि 2003 में स्थिति क्या थी और 2017 में स्थिति क्या है। बैठक को कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में किसानों के लिए अतुलनीय कार्य कर रही है। स्वामी नाथन कमेटी का जिक्र करते हुए श्री बिसेन ने कहा कि कृषि विशेषज्ञ वैज्ञानिक स्वामी नाथन कमेटी में भारत सरकार को रिपोर्ट दी है जिसके कारण मध्यप्रदेश सरकार को एग्रीकल्चर लीडरशिप अवॉर्ड दिया गया है। श्री बिसेन ने किसानों के लिए नई योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्भाग्यवश कृषि कार्य करते हुए किसी प्राकृतिक आपदा के कारण किसी किसान भाई की मृत्यु हो जाती है तो केवल थाने की रिपोर्ट एवं पोस्टमार्टम के आधार पर सरकार पीडित परिवार को चार लाख रूपए देगी। सरकार की इस घोषणा का आदेश 1 फरवरी 2017 से जारी हो चुका है। पीडित परिवार को इस राशि का चेक तीन दिन के अंदर दिया जाएगा। अब सरकार ने कृषि उपकरण एमपी एग्रो इंडस्ट्रीज से खरीदने की बाध्यता को भी खत्म कर दिया है। किसी भी आईएसओ कंपनी से खरीदने पर भी मध्यप्रदेश सरकार खरीदी में छूट देगी।
बैठक में किसान संदेश यात्रा के विषय को लेकर आए प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर ने इस यात्रा को विस्तारपूर्वक बताते हुए कहा कि किसान संदेश यात्रा प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की जा रही है। ग्वालियर संभाग में यह यात्रा 29 जून से प्रारंभ होकर 8 जुलाई को समाप्त होगी। प्रत्येक विधानसभा में इस यात्रा के प्रभारी बीते हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के हार जीते प्रत्याशी होंगे। ग्वालियर में यह यात्रा तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अलग अलग रथों के माध्यम से निकाली जाएगी। ग्वालियर जिले में यात्रा का प्रभारी श्री विवेक जोशी को बनाया गया है। ग्वालियर पूर्व में यात्रा के प्रभारी मप्र शासन की मंत्री श्रीमती मायासिंह जी होंगी एवं उनके सहयोगी के रूप में जिला महामंत्री शरद गौतम जी रहेंगे। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में यात्रा के प्रभारी मप्र शासन के मंत्री जयभान सिंह पवैया एवं इनके सहयोगी के रूप में जिला महामंत्री महेश उमरैया रहेंगे।
ग्वालियर दक्षिण में यात्रा के प्रभारी विधायक नारायण सिंह कुशवाह एवं उनके सहयोगी के रूप में जिला महामंत्री श्री कमल माखीजानी रहेंगे। गुर्जर ने बताया कि यह किसान संदेश यात्रा रथ के माध्यम से प्रत्येक विधानसभा में दस दिन तक घूमेगी। यात्रा में एक हर दिन एक व्यवास्थापक प्रमुख रहेगा। यात्रा में मतदान केंद्र तक के लोगों को जोडा जाएगा। आवश्यकता होने पर एक विधानसभाओं में दो जगह से भी यह यात्रा शुरू हो सकेगी। ग्रामीण क्षेत्र में किसान संदेश यात्रा प्रत्येक गांव में पहुंचेगी। किसान संदेश यात्रा केवल 2 जुलाई को बंद रहेगी क्योंकि 2 जुलाई को नर्मदा सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिन में 6 करोड पौधरोपण का पार्टी का संकल्प है। उस दिन केवल पौधरोपण का कार्यक्रम होगा। जो क्षेत्र नर्मदा योजना से दूर है वे अपने-अपने क्षेत्र में पौधरोपण करेंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से मंचासीन अतिथियों के अलावा ग्वालियर ग्रामीण के विधायक भारत सिंह कुशवाह, पोहरी के विधायक प्रहलाद भारती, जीडीए के अध्यक्ष अभय चौधरी, भाजपा के समस्त प्रदेश कार्यसमिति सदस्यगण, भाजपा के संभाग के जिलों के समस्त जिला पदाधिकारी, मोर्चोें एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थे।

Share This News :