Homeअपना शहर ,खास खबरे,
जन-सुनवाई : जब कलेक्टर खुद पहुँचे दिव्यांग की तकलीफ सुनने

ग्वालियर। जिले के दूरस्थ गाँव आरोन से आए दिव्यांग उत्तम एक बारगी समझ ही नहीं पाए कि वे अपने जिले के कलेक्टर से मुखातिब हैं। जब उन्हें ठोस आश्वासन दिया गया कि आज ही आपकी समस्या का समाधान होगा तो वे हतप्रभ रह गए। नवागत कलेक्टर राहुल जैन ने उनकी लंबित पेंशन के भुगतान की व्यवस्था तत्काल करा दी। उत्तम सहित जन-सुनवाई में पहुँचे अन्य जरूरतमंद नवागत कलेक्टर की सहृदयता से प्रफुल्लित हो गए। 
वाकया यूँ हैं कि कलेक्टर राहुल जैन ने मंगलवार को जन-सुनवाई के दौरान उत्तम को आगुंतक कक्ष में परेशान हालत में देखा। जैन उनके पास पहुँचे और समस्या बताने को कहा। उत्तम ने बताया कि गत 6 माह से उन्हें पेंशन के लिये इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कलेक्टर ने संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय को मौके पर बुलाकर उत्तम की समस्या का समाधान कराया। साथ ही पेंशन भुगतान में देरी के लिये जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। 
संजयनगर, लक्ष्मीगंज मण्डी क्षेत्र की निवासी श्रीमती गीता सिकरवार अपनी बेटी की सीटी स्कैन जाँच के लिये आर्थिक मदद मांगने जन-सुनवाई में आईं थीं। कलेक्टर जैन ने रेडक्रॉस के माध्यम से उनकी बेटी कु. शीतल की सीटी स्कैन जाँच कराने के निर्देश दिए। यह सुनकर गीता की आँखें छलक आईं। इसी तरह ग्राम दौरार से अपनी नन्ही और बीमार बिटिया कंचन को गोद में लिए जन-सुनवाई में पहुँचे पुरूषोत्तम धाकड़ भी खुशी-खुशी घर लौटे। कलेक्टर ने गंभीर न्यूरो संबंधी बीमारी से पीड़ित कंचन के इलाज के लिये डॉ. अयंगर से मोबाइल फोन से बात की। साथ ही कहा कि जरूरत होने पर राज्य बीमारी सहायता निधि से देश के प्रतिष्ठित अस्पताल में कंचन का इलाज कराया जायेगा। 
गेंड़ेवाली सड़क कृष्णानगर निवासी बर्लिन शर्मा की बेटी कीर्ति का शुभ विवाह अगले माह 2 जुलाई को होना है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे उनके परिजन मदद की आस में जन-सुनवाई में पहुँचे थे। कलेक्टर ने श्रमिक परिवार की इस बिटिया को भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल से 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। इसी प्रकार एकतानगर बहोड़ापुर निवासी फरजाना की बिटिया का शिक्षा का अधिकार कानून के तहत निजी स्कूल में प्रवेश कराने के निर्देश भी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार 242 फरियादी पहुँचे। कलेक्टर जैन व अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्यायें सुनीं और उनके निराकरण की रूपरेखा तय की। 
 
अब सीएम हैल्पलाईन के साथ ऑनलाईन दर्ज होंगे जन-सुनवाई के आवेदन  
कलेक्टर राहुल जैन ने सभी अधिकारियों को आगाह किया कि जन-सुनवाई को पूरी गंभीरता से लें। जन-सुनवाई के लिये प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत नई व्यवस्था लागू की गई है। जिसके तहत अब जन-सुनवाई के आवेदन भी ऑनलाईन दर्ज होंगे। इनकी समीक्षा भी शासन व जिला स्तर पर सीएम हैल्पलाईन के साथ की जायेगी।

Share This News :