Homeअपना शहर ,खास खबरे,
जिस दिन मध्यान्ह भोजन न बटे उस दिन का पैसा समूह से वसूलें – कलेक्टर

सर्वशिक्षा अभियान की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश 
ग्वालियर । सरकारी स्कूलों में जिस दिन बच्चों को मध्यान्ह भोजन के तहत खाना नहीं मिले, उसकी वसूली संबंधित स्व-सहायता समूह से की जाए। मध्यान्ह भोजन वितरण में किसी तरह की लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं होगी। यह निर्देश कलेक्टर राहुल जैन ने सर्वशिक्षा अभियान की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। 
बुधवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में हुई बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर विभाग के अधिकारी भ्रमण के समय स्कूलों में पहुँचकर मध्यान्ह भोजन व शैक्षणिक गतिविधियों का जरूर निरीक्षण करें। हर विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी को एक संकुल की जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश उन्होंने दिए। जैन ने कहा कि शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के लिये भी विशेष प्रयास किए जाएँ। कलेक्टर ने बैठक में यह भी कहा कि जिन सरकारी स्कूलों में 20 से कम बच्चे दर्ज हैं, उन्हें नजदीक के सरकारी स्कूल में मर्ज करें। उन्होंने इस काम को प्रमुखता से अंजाम देने की हिदायत जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक को दी। सर्वशिक्षा अभियान के तहत निर्माणाधीन स्कूल भवन व अतिरिक्त कक्षों इत्यादि का निर्माण तीन महीने में पूर्ण कराने के निर्देश उन्होंने तकनीकी अधिकारियों को दिए। 
शहर में स्टेशन, बस स्टेण्ड तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रहने वाले बेघर बच्चों को आवासीय छात्रावास में भर्ती कराने पर भी कलेक्टर ने विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सहयोग से इसके लिये विशेष अभियान चलायें। उन्होंने निर्देश दिए कि चिन्हित बेघर बच्चों को आवासीय छात्रावास पागनबीसी में भर्ती करायें। इन बच्चों को व्यवसायिक शिक्षा भी प्रदान की जाए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। जैन ने नशे में लिप्त बच्चों की काउन्सलिंग कराने को भी कहा। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी विकास जोशी व जिला शिक्षा केन्द्र के परियोजना समन्वयक के जी शर्मा सहित बीआरसी, बीईओ तथा सर्वशिक्षा अभियान से संबंधित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :