Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
सीएम मोहन यादव बोले- जहां धर्म है वहां श्रीकृष्ण हैं, जहां श्रीकृष्ण हैं वहां यादव हैं

भारतीय जनता पार्टी माताओं और बहनों को सामान दृष्टि से देखती है। मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में भारतीय जनता पार्टी ने छह और कांग्रेस ने सिर्फ एक महिला को टिकट दिया। बड़े दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस पार्टी माताओं-बहनों को आगे नहीं आने देना चाहती। वह माताओं-बहनों को सम्मान देने में भी कंजूसी करती है। देश में वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने गरीबी हटाओ का सिर्फ नारा देती थी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले दस वर्षों में देश के 25 करोड़ लोगों की गरीबी हटाई है। आप सभी जनता जर्नादन इस लोकसभा चुनाव में मतदान करने से पहले 2014 के पहले का भारत और 2003 के पहले के मध्यप्रदेश को याद जरूर करना, ताकि कांग्रेस की सच्चाई आप सभी को भी याद रहे। कांग्रेस ने यादव समाज के स्वर्गीय सुभाष यादव को मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया, भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में यादव समाज से दो मुख्यमंत्री बनाए हैं। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा और केंद्रीय मंत्री व गुना लोकसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर जिले के चंदेरी विधानसभा के ईशागढ़ में आयोजित यादव समाज सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जहां धर्म है, वहां भगवान श्रीकृष्ण हैं और जहां श्रीकृष्ण हैं वहां यादव हैं। दुनिया की कोई ताकत इसको झुठला नहीं सकती। जीवन में कष्टों से घबराने वाले घबराते रहेंगे, डरने वाले डरते रहेंगे। डर के आगे कोई निडर खड़ा है, वो भगवान श्रीकृष्ण हैं। अंग्रेजों ने 1832 में लॉर्ड मैकाले के माध्यम से जो शिक्षा नीति लागू की, उसमें हमारे जड़ों को काटने का प्रयास किया गया था। साल 1947 में जब देश आजाद हुआ, तब कांग्रेस को गौरवशाली इतिहास को पाठ्यक्रम में शामिल करना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस ने वो प्रयास भी नहीं किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2020 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करके सभी महापुरुषों, देवी-देवताओं और आजादी के क्रांतिवीरों के जीवन के अच्छे पाठ को पाठ्यक्रमों में जोड़ने का कार्य किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केवल भाजपा एकमात्र राजनैतिक दल है, जो संस्कृति के उत्थान के लिए कार्य करती है।केंद्रीय मंत्री व गुना लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश में 65 वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने देश के विकास और गरीबों के कल्याण व उनके जीवन में बदलाव के लिए कोई कार्य नहीं किया। सत्ता में रहने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सिर्फ अपनी जेबें भरने का काम किया। इतना ही नहीं हमारे यादव समाज के नेता स्व. सुभाष यादव को मुख्यमंत्री बनने से रोक दिया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में दो यादव समाज से स्व. बाबूलाल गौर और वर्तमान में डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री बनाया है।

 
 
 

Share This News :