Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
भारत किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार: डोकलाम पर सरकार

जम्मू. पीएमओ में MoS (मिनिस्टर ऑफ स्टेट) जितेंद्र सिंह ने डोकलाम विवाद पर बड़ा बयान दिया है। चीन की तरफ से इस मसले पर बढ़ती बयानबाजी पर सिंह ने कहा, "भारत किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।" उन्होंने कहा कि सरकार इस बारे में उठाए गए कदमों को लेकर कॉन्फिडेंट है। बता दें कि 16 जून से सिक्किम सेक्टर के डोकलाम एरिया में विवाद चल रहा है। चीन उसी शर्त पर बात करना चाहता है, जब भारतीय सेना पीछे हट जाए। वहीं भारत, दोनों देशों की सेनाओं के वापस लौटने पर ही बातचीत चाहता है। ये ज्यादा अहम कि हम क्या कर रहे हैं...

- न्यूज एजेंसी के मुताबिक जितेंद्र सिंह शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा, "हमारे लिए ये ज्यादा अहम है कि डोकलाम में हम क्या कर रहे हैं। मैं यहां इस पर कमेंट नहीं कर रहा हूं कि अपोजिशन पार्टीज की तरफ से कोई इस मसले पर क्या ट्वीट कर रहा है। सरकार को अपने फैसलों पर पूरा भरोसा है। हम बाहरी और अंदरूनी किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
- केंद्रीय मंत्री सिंह ने चीन की सरकारी मीडिया की तरफ से हाल ही में दी गई धमकी पर किए गए सवाल पर ये जवाब दिया। चीन के सरकारी मीडिया ने हाल में कहा था कि बीजिंग ने भारत को अपना सख्त रुख बता दिया है। नई दिल्ली डोकलाम गतिरोध खत्म करने के लिए इलाके से अपने सैनिकों को तुरंत हटाने पर ठोस कार्रवाई करे।
भारत ने चीन बॉर्डर पर सैनिकों की तैनाती बढ़ाई
- भारत ने चीन से सटे सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के 1400 किलोमीटर लंबे साइनो-इंडिया बॉर्डर पर सैनिकों की तैनाती बढ़ा दी है। सरकार के मुताबिक, देश की पूर्वी सरहद पर फौज के लिए अलर्ट लेवल बढ़ा दिया गया है।
- भारत का कहना है कि चीन हमारे इलाके में घुसपैठ कर रहा है। वहां भारत के 350 सैनिक जमे हुए हैं। बता दें कि डोकलाम भारत-चीन-भूटान का ट्रायजंक्शन है।
- "ईस्टर्न इलाके के सेंसिटिव इलाके में सुकना बेस्ड 33 कॉर्प्स, अरुणाचल और आसाम बेस्ड 3-4 कॉर्प्स प्रोटेक्शन की जिम्मेदारी दी गई है।" इस बारे में अफसर ने कोई जानकारी नहीं दी कि कितने सैनिक बढ़ाए गए हैं। अफसर ने ऑपरेशनल मूव होने के चलते ये जानकारी देने से इनकार कर दिया।
चीन की भारत को कब-कब धमकी?
1) 10 जुलाई:चाइना डेली में आर्टिकल के जरिए। कहा गया- भारत डोकलाम से फौरन सेना हटाए।
2) 24 जुलाई:चीन की फॉरेन मिनिस्ट्री ने कहा- बातचीत की सिर्फ एक शर्त है कि भारत बिना किसी शर्त के डोलाम से अपने सैनिक हटाए।
3) 25 जुलाई:चीन के फॉरेन मिनिस्टर वांग यी ने कहा- डोकलाम का हल सिंपल है। भारत वहां से अपने सैनिक हटा ले।
4) 02 अगस्त: चीन ने 15 पेज का बयान जारी कर कहा- भारत ने घुसपैठ की है। ये भूटान-चीन का मसला है। भारत वहां से ट्रूप्स हटाए।
5) 03 अगस्त: भारत देर ना करे। ये समझा जाना चाहिए कि चीन के पास दुश्मन को हटाने की पूरी काबिलियत मौजूद है।
6) 05 अगस्त:चीन के एक एक्सपर्ट ने कहा- भारतीय सैनिकों को हटाने के लिए 2 हफ्तों में छोटा सैन्य ऑपरेशन किया जा सकता है।
7) 07 अगस्त: पीएलए के सीनियर कर्नल ली ली ने कहा- अगर भारत जंग से बचना चाहता है तो उसे डोकलाम से फौरन अपने सैनिक वापस बुला लेना चाहिए।
8) 08 अगस्त: चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने मंगलवार को अपने एडीटोरियल में कहा था, "भारत 1962 की जंग का सबक भूल गया है, नेहरू ने हमें कमतर आंका था, मोदी भी हमारी वॉर्निंग को नजरअंदाज ना करें। अगर भारत डोकलाम विवाद पर चेतावनी को इसी तरह नजरअंदाज करता रहा तो बीजिंग जरूरी जवाबी कदम उठाएगा।"
क्या है डोकलाम विवाद?
- ये विवाद 16 जून को तब शुरू हुआ था, जब इंडियन ट्रूप्स ने डोकलाम एरिया में चीन के सैनिकों को सड़क बनाने से रोक दिया था। हालांकि चीन का कहना है कि वह अपने इलाके में सड़क बना रहा है।
- इस एरिया का भारत में नाम डोका ला है जबकि भूटान में इसे डोकलाम कहा जाता है। चीन दावा करता है कि ये उसके डोंगलांग रीजन का हिस्सा है। भारत-चीन का जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक 3488 km लंबा बॉर्डर है। इसका 220 km हिस्सा सिक्किम में आता है।
भारत की क्या है चिंता?
- नई दिल्ली ने चीन से कहा है कि चीन के सड़क बनाने से इलाके की मौजूदा स्थिति में अहम बदलाव आएगा, भारत की सिक्युरिटी के लिए ये गंभीर चिंता का विषय है। रोड लिंक से चीन को भारत पर एक बड़ी मिलिट्री एडवान्टेज हासिल होगी। इससे नॉर्थइस्टर्न स्टेट्स को भारत से जोड़ने वाला कॉरिडोर चीन की जद में आ जाएगा।

Share This News :