Homeअपना शहर ,
घरेलू गैस के लगभग दो दर्जन सिलेण्डर जब्त रसोई गैस का दुरूपयोग रोकने जिला प्रशासन की मुहिम जारी

रसोई गैस का दुरूपयोग रोकने के लिये कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के निर्देश पर जिले में विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस कड़ी में शुक्रवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अमले ने खान-पान की विभिन्न फर्मों पर छापामार कार्रवाई कर घरेलू गैस के 23 सिलेण्डर जब्त किए हैं। इन सभी फर्मों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

     जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री जैन से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोयल नमकीन हेमसिंह परेड़ से घरेलू गैस के पाँच सिलेण्डर और महाराजा बेकरी हेमसिंह की परेड़ व सौरभ नमकीन मामा का बाजार से तीन-तीन सिलेण्डर जब्त किए गए हैं। इसी प्रकार अशोक मिष्ठान भण्डार हरिनिर्मल टॉकीज व महावीर डेयरी नईसड़क से दो-दो तथा रामश्री नाश्ता सेंटर रॉक्सी टॉकीज, शिव नाश्ता सेंटर मामा का बाजार, जायसवाल नाश्ता भण्डार बाड़ा माधौगंज, महावीर मिष्ठान भण्डार नईसड़क, खिलौना अतिथि होटल डिलाइट टॉकीज, छोटेलाल हलवाई फैनीवाला जनकगंज, विजयभारत मिष्ठान भण्डार एवं अचलनाथ डेयरी हनुमान चौराहा से एक-एक सिलेण्डर जब्त किया गया है।

     इस कार्रवाई को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री रसिक मोहन श्रीवास्तव, श्री संजीव शर्मा व सुश्री पूजा सिकरवार की टीम ने अंजाम दिया।

Share This News :