Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
काला धन नहीं हमें चाहिए ईमानदारी का पैसा-अमित शाह

भोपाल। à¤°à¤¾à¤œà¤§à¤¾à¤¨à¥€ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अमित शाह के स्वागत में सत्ता और संगठन ने पलक-पांवड़े बिछा दिए। तीन दिनी प्रवास पर आए शाह ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पहली ही बैठक में मंत्री, सांसद,विधायक और पदाधिकारियों को अनुशासन के साथ पार्टी को सशक्त बनाने के नसीहत दी।

उन्होंने यह भी कहा कि कामकाज में पारदर्शिता जरूरी है, संगठन चलाने के लिए भाजपा को कालाधन नहीं ईमानदारी का पैसा चाहिए। संगठन मजबूत करें अगले विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में हमें मौजूदा से ज्यादा सीटें जीतना है। स्वागत के दौरान भाजपा दफ्तर में धक्का-मुक्की भी हुई, केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं थावरचंद गहलोत भी भीड़ में फंसे रहे।

मीडिया से चर्चा न करें

भाजपा कार्यालय में आयोजित अपनी पहली ही बैठक में शाह ने तल्ख अंदाज में सभी को इस बात की हिदायत दे डाली कि बैठक की बातें बाहर बिल्कुल न जाएं। मीडिया से कोई चर्चा न करें उन्होंने कहा कि यहां केवल संगठन की बातें होंगी। डेबिट-क्रेडिट की बात भी नहीं, मुझे किसी की बैलेंस शीट भी मत बताओ, बिन्दुवार बातें रखें। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि पार्टी को मजबूत बनाएं इसके लिए मैं आपके सुझाव सुनने आया हूं।

शाह ने कहा कि जिलों में संगठन का मजबूत कोष भी बनाएं जिससे पार्टी का कामकाज आसानी से चलता रहे। इस मामले में जिन राज्यों और जिलों में अच्छा काम हुआ है उनका उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी चलाने के लिए पैसा चाहिए लेकिन यह पैसा ईमानदारी का हो, हमें कालाधन नहीं चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज पंचायत से लेकर केन्द्र तक में हमारी सरकार है। जनता की सबसे ज्यादा अपेक्षाएं भी भाजपा से ही हैं, इसलिए हमारे हर काम में पारदर्शिता जरूरी है।

दोपहर बाद फिर लगाई क्लास

 

संयुक्त बैठक में केन्द्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, कोर ग्रुप के सदस्य, प्रवक्ता, मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, संभागीय संगठन मंत्री और मोर्चा-प्रकोष्ठ के अध्यक्ष भी मौजूद थे। इस दौरान कुछ पदाधिकारियों, विधायक-सांसदों ने सुझाव और समस्याएं भी बताईं। बैठक में किसानों का मामला भी उठा, आवारा पशुओं के चलते हाईवे पर लगने वाले जाम की चर्चा भी हुई। दोपहर बाद शाह ने दूसरे सत्र की बैठक में भी नेता-पदाधिकारियों की क्लास लगाई। बैठक में प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, महामंत्रीद्वय अनिल जैन, कैलाश विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष प्रभात झा एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अनेक पदाधिकारी भी मौजूद थे।

नरोत्तम मिश्रा के यहां भोजन 

 

अमित शाह ने दोपहर का भोजन जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा के निवास पर किया इस दौरान उन्होंने अनौपचारिक तौर पर पत्रकारों के साथ अनेक मुद्दों पर चर्चा की। लंच में उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे एवं प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान भी मौजूद थे।

दुल्हन की तरह सजाया शहर

 

शाह के स्वागत में झीलों के शहर भोपाल को भाजपा के झंडे, बैनर, पोस्टर और बड़े-बड़े कटआउट्स से सजाया गया था, स्टेट हैंगर से भाजपा दफ्तर तक 85 वार्डों के नेता एवं सामाजिक संगठनों ने स्वागत द्वार बनाए थे। शाह के काफिले के आगे भाजयुमो मोर्चा की वाहन रैली चल रही थी, जिसमें करीब एक हजार युवा भगवा ध्वज लगी मोटर साइकलें दौड़ा रहे थे।

शिवराज के नेतृत्व में लड़ेंगे चुनाव

भोपाल प्रवास के दौरान भाजपा अध्यक्ष शाह ने इस बात के संकेत भी दिए कि मप्र में अगला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे एवं प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान भी मौजूद थे।

Share This News :