Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
डोकलाम विवाद पर चीन की नहीं गई अकड़, भारत को दी 'सबक सीखने' की नसीहत

दो महीने से चल रहे डोकलाम विवाद को भारत और चीन ने बातचीत से सुलझा लिया है. सोमवार को विदेश मंत्रालय की ओर से बयान में कहा गया कि दोनों देशों की सेनाएं डोकलाम से धीरे-धीरे पीछे हटेंगी. लेकिन लगता है कि चीन अभी भी इस मुद्दे पर अपना रुख साफ नहीं कर रहा है. चीनी सेना ने इस फैसले का स्वागत तो किया, लेकिन भारत को नसीहत भी दे डाली.

चीनी सेना के सीनियर कर्नल वु शियान ने कहा कि हम इस मामले के सुलझने से खुश हैं, लेकिन भारत को इस मुद्दे से सबक लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि चीन अभी भी इस मामले पर चौकन्ना रहेगा और अपनी संप्रभुता की रक्षा करेगा. उन्होंने कहा कि मुद्दा सुलझने से इलाके में भी शांति आएगी. हमारा लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करते हुए एक साथ काम करने का है

डोकलाम से जवानों को हटाने की आपसी सहमति की भारत की घोषणा को तवज्जो नहीं देते हुए चीन ने दावा किया कि उसके जवान इलाके में अब भी गश्त कर रहे हैं. पड़ोसी देश की तरफ से कहा गया कि भारत ने अपने जवानों को वापस बुला लिया. हालांकि चीन इलाके में सड़क बनाने की अपनी योजना पर चुप रहा. सड़क बनाने की उसकी योजना के चलते ही सिक्किम के पास डोकलाम इलाके में दोनों देशों की सेनाओं के बीच गतिरोध की स्थिति बन गयी थी. चीन ने कहा कि वह जमीनी स्थिति के साथ सामंजस्य स्थापित करेगा.

जवानों को हटाने की आपसी सहमति के संबंध में भारत का बयान सोशल मीडिया और चीनी पत्रकारों के बीच वायरल होने के बाद पड़ोसी देश के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने इस तरह की धारणा को खारिज करने का प्रयास किया कि बीजिंग ने अपनी गलती को मान लिया है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत ने अपने जवानों को वापस बुला लिया है.

 

Share This News :