Homeअपना शहर ,
कैंसर पीड़ित बिलकिस बानो का इलाज अब सुचारू रूप से होगा जन-सुनवाई ने दिया सहारा

कैंसर की बीमारी से जूझ रहीं बिलकिस बानो का इलाज अब सुचारू रूप से हो सकेगा। प्रदेश सरकार की पहल पर आयोजित हो रही जन-सुनवाई ने उन्हें सहारा दिया है। शंकरपुर निवासी श्रीमती बिलकिस बानो मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में मदद की आस में पहुँचीं थीं। उनके इलाज के लिये कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने जिला बीमारी सहायता निधि से आर्थिक सहायता मंजूर करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार लगभग 275 फरियादियों की समस्यायें सुनीं गईं। इन सभी फरियादियों की कलेक्टर डॉ. गोयल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह एवं अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा व श्री विवेक श्रोत्रिय सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने एक-एक कर समस्यायें सुनीं। साथ ही इनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।

     इन्द्रानगर ठाठीपुर निवासी श्रीमती शमीम बेगम ने बिटिया के लालन-पालन और पढ़ाई के लिये जन-सुनवाई में पहुँचकर आर्थिक मदद माँगी। कलेक्टर डॉ. गोयल ने शमीम बेगम की कमजोर आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर उन्हें मौके पर ही रेडक्रॉस से आर्थिक सहायता मुहैया कराई। जन-सुनवाई में अन्य जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कलेक्टर ने कराया।

  

Share This News :