Homeअपना शहर ,
उज्ज्वला योजना के तहत हर गरीब परिवार की महिला को मिलेगा नि:शुल्क गैस कनेक्शन

नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने 60 महिलाओं को

समारोहपूर्वक बाँटे नि:शुल्क गैस कनेक्शन

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी उज्ज्वला योजना के तहत हर गरीब परिवार की महिला को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 की सर्वे सूची में दर्ज महिलाओं के अलावा ऐसी महिलायें जिनके पास बीपीएल के कार्ड हैं, उन्हें भी इस योजना में नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए जायेंगे। मंत्री श्रीमती माया सिंह गोविन्दपुरी मिलेनियम प्लाजा परिसर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत बीपीएल परिवार की महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन व चूल्हों का वितरण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहीं थीं। मौके पर मंत्री श्रीमती माया सिंह ने बीपीएल परिवार की 60 महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन व चूल्हों का वितरण किया।

      मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि घरेलू ईंधन से निकलने वाले धुँए से महिलाओं के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता था और उन्हें बीमारियाँ घेर लेती थीं। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार ऐसे धुँए में जीना सैंकड़ों सिगरेट पीने के समान है। इस धुँए से महिलाओं तथा बच्चों की आँखों को भी नुकसान पहुँचता है। इन्हीं सब परेशानियों को देखते हुए प्रधानमंत्री जी ने उज्ज्वला योजना की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि 5 करोड़ महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन मुहैया कराने के लिये 8 हजार करोड़ रूपए की राशि आरक्षित कर प्रधानमंत्री ने सराहनीय पहल की है। वहीं प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत हर परिवार का बैंक में खाता खोला गया है। इसी तरह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, प्रधानमंत्री सुरक्षा और प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनायें आम आदमी के लिये सुरक्षा कवच बन रही है।

      इसके पूर्व गैस कंपनी की समन्वयक सुश्री अर्चना माहौर ने उज्ज्वला योजना पर विस्तार से समझाईश दी। मौके पर फूड कंट्रोलर श्री जैन, गैस एजेन्सी समिति के उपाध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता सहित विभिन्न गैस एजेन्सियों के पदाधिकारी, विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं बड़ी संख्या में महिलायें उपस्थित थीं।

    

Share This News :