Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
माँ के समान वंदनीय हैं स्वच्छता कर्मी: पवैया

ग्वालियर । स्वच्छता को सबसे बड़ी सेवा कहा गया है। इसलिये स्वच्छता कर्मी माँ के समान वंदनीय हैं। यह बात उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कही। पवैया यहाँ कम्युनिटी हॉल लक्ष्मीबाई कॉलोनी में स्वच्छता कर्मियों के सम्मान एवं दीपावली मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। पवैया ने सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता सेनानियों की संज्ञा दी।
छोटी दीपावली के अवसर पर आयोजित हुए स्वच्छता दूतों के सम्मान समारोह में पवैया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद हाथ में झाड़ू लेकर देश को स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही स्वच्छता दूतों का सम्मान बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता। इसीलिये कर्म को सबसे बड़ी पूजा कहा गया है। उच्च शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद सभी नागरिकों का आहवान किया कि ग्वालियर जिला स्वच्छता सर्वे में फिर से ऊँचाईयाँ प्राप्त करे, इसके लिये सभी लोग सामूहिक रूप से जुटें।
कार्यक्रम में स्वच्छता दूतों को सम्मानित कर उन्हें मिष्ठान वितरित किए गए। इस अवसर पर डॉ. बी आर श्रीवास्तव, स्थानीय पार्षद श्रीमती अनीता शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय वरिष्ठ नागरिक राजेन्द्र शर्मा की पहल पर आयोजित किया गया।

Share This News :