Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
आनंदनगर वासियों को मिली 6 करोड़ 81 लाख की सड़कों की सौगात

ग्वालियर । प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया के मुख्य आतिथ्य में आनंदनगर क्षेत्र में 6 करोड़ 81 लाख रूपए की लागत से बनाए जाने वाली सड़कों के निर्माण का भूमिपूजन कार्यक्रम रविवार शाम को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने की। इन सड़कों के निर्माण और चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण हो जाने पर क्षेत्रवासियों की वर्षों से लम्बित मांग पूर्ण हो सकेगी।
इस अवसर पर पवैया ने कहा कि उनके द्वारा ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के सम्पूर्ण विकास का संकल्प लिया गया है। जिसे वह हर कीमत पर पूर्ण करेंगे। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 150 करोड़ 76 लाख रूपए की लागत के निर्माण कार्य पूर्ण कराए जा चुके हैं। साथ ही 38 करोड़ 62 लाख रूपए की लागत से इस विधानसभा क्षेत्र में पेयजल और सीवर के कार्य कराए जायेंगे। इसके तहत 16 पानी की टंकियों और 192 किलोमीटर पाइपलाईन बिछाई जायेगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही 50 लाख रूपए की लागत से बहोड़ापुर चौराहे का सौंदर्यीकरण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कराया जायेगा। इसी कड़ी में सागरताल चौराहे को भी नया स्वरूप प्रदान करने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
पवैया ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विकास की नई गाथा लिखी गई है। प्रदेश चहुँओर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा विकास की होना चाहिए न कि व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोपों की। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि आनंदनगर क्षेत्र की मुख्य सड़कों के निर्माण के उपरांत शीलनगर, चंद्रनगर सहित आनंदनगर की आंतरिक सड़कों का निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराया जायेगा।
इससे पूर्व महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर शहर में सड़क, पानी, बिजली, सीवर जैसी मूलभूत समस्याओं के निराकरण के लिये नगर निगम द्वारा तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। अमृत योजना के तहत ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 130 करोड़ रूपए की लागत से सीवर ट्रीटमेंट प्लांट तथा शर्मा फार्म हाउस क्षेत्र में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिये चंबल से जलापूर्ति का भी प्लान तैयार किया गया है। जिसे शीघ्र ही अमलीरूप प्रदान किया जायेगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से विकास और स्वच्छता में सहयोग की अपील भी की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद के तहत बहोड़ापुर चौराहे से सागरताल चौराहे तक एवं आनंदनगर चौराहे से रेलवे लाईन एबी रोड़ तक डाम्बरीकरण व नाला निर्माण 5 करोड़ 42 लाख रूपए तथा आनंदनगर डबल रोड़ से वीनस स्कूल से पहुआ वाली माता सागरताल रोड़ तक सीसी रोड़ व नाला निर्माण एक करोड़ 39 लाख 84 हजार रूपए का भूमि पूजन किया गया।

Share This News :