Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,
आतंकियों की घुसपैठ नाकाम करने वाला हीरो गुरनाम अस्पताल में

सर्जिकल स्ट्राइक के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने अब सीमा पर स्नाइपर का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। जम्मू के हीरानगर में पाकिस्तान की तरफ से स्नाइपर ने फायरिंग की जिसमें बीएसएफ के जवान गुरनाम सिंह घायल हो गए। घायल गुरनाम का इलाज जम्मू के अस्पताल में चल रहा है। देश उनकी सलामती के लिए दुआ कर रहा है।
बीएसएफ के मुताबिक गुरनाम ने ही गुरुवार को आतंकियों की घुसपैठ को नाकाम किया था। गुरनाम सिंह आतंकियों की घुसपैठ नाकाम करने के हीरो हैं। बीएसएफ के आईजी डीके उपाध्याय ने कहा कि मैं कॉन्सटेबल गुरनाम उसकी बहादुरी की प्रशंसा करना चाहता हूं। 19- 20 अक्टूबर की रात जब आतंकी ने घुसने की कोशिश की थी, तो ये कॉन्सटेबल गुरनाम ही थे जिन्होंने आतंकियों को भागने पर मजबूर किया था। शायद गुरनाम ही उनका निशाना था, क्योंकि उसने पहले भी पाकिस्तान का मिशन फेल किया था।
वहीं, गुरनाम के माता-पिता जम्मू के अस्पताल में ही हैं, जहां गुरनाम भर्ती हैं। वो लगातार दुआ कर रहे हैं कि गुरनाम जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। घायल गुरनाम की माता जसवंत कौर का कहना है कि दुआ है कि बेटा जल्द से जल्द ठीक हो जाए और फिर देश के लिए लड़े। गुरनाम के पिता कुलबीर सिंह ने कहा है कि मोदी जी से निवेदन है कि बीएसएफ जवानों के लिए अलग से अस्पताल हो। उन्होंने बेहतर इलाज के लिए बेटे को दिल्ली जाने के बात भी कही।
गुरुवार को सुरक्षाबलों की तरफ से आतंकियों की घुसपैठ की थर्मल इमेज जारी की गई थी, जिसमें साफ दिख रहा था कि करीब 5 से 7 आतंकी रेंगते हुए सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे। जैसे ही वो घनी झाड़ियों के बीच पहुंचे पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें कवर फायर देना शुरू कर दिया। आतंकियों ने अचानक बीएएसफ की पोस्ट पर राकेट दागना शुरू कर दिया। आतंकियों पर बीएसएफ ने जबावी कार्रवाई की, जिसमें एक आतंकी को गोली लगी जिसे उसके साथी घसीटते हुए वापस ले गए।

Share This News :