Homeराज्यो से ,
अखिलेश ने चाचा शिवपाल समेत 4 मंत्र‍ियों को किया बर्खास्त, अमर सिंह की करीबी जया प्रदा की भी छुट्टी

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने सरकारी आवास पर विधायकों की बैठक बुलाई. बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए शिवपाल समेत 4 मंत्रियों को कैबिनेट से हटाया गया. शिवपाल के अलावा मंत्रिमंडल से नारद राय, ओम प्रकाश सिंह और सादाब फातिमा को बाहर का रास्ता दिखाया गया है. अखिलेश ने अमर सिंह की करीबी जया प्रदा को यूपी फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल से भी हटा दिया है.

इसके अलावा अखिलेश ने बैठक में कहा कि जो भी अमर सिंह के साथ है, उनको हटाया जाएगा. जिस व्यक्ति ने पार्टी में झगड़े पैदा किए उनको माफी नहीं दी जाएगी. बैठक में शिवपाल सर्मथकों को नहीं बुलाया गया था. बैठक में किसी को भी फोन ले जाने की अनुमति नहीं दी गई थी. इस बैठक में शामिल होने के लिए 16 एमएलए और 6 एमएलसी को न्योता नहीं भेजा गया.

अमर सिंह को दलाल कहा गया
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं अखिलेश के घर के सामने अमर की फोटो फाड़ी और उनके खिलाफ नारेबाजी भी की. बैठक में अखिलेश ने भावुक होते हुए कहा कि मैं अपने पिता का बेटा हूं. हमेशा उनके साथ रहूंगा. कई विधायक रो पड़े. बैठक में अमर सिंह के खिलाफ नारे लगाए गए. सीएम ने उन्हें दलाल तक कहा.

'पार्टी टूटने नहीं दूंगा'
अमर सिंह पर अखिलेश ने कहा कि ये आदमी पिता और पुत्र को लड़ाना चाहता है. ये बीजेपी से मिला हुआ है. नेताजी के खिलाफ जिसने भी कुछ कहा है मैं हमेशा खिलाफ रहा हूं. मैं अपने पिता का उत्तराधिकारी हूं. पार्टी टूटने नहीं दूंगा.

कैबिनेट से हटाए जाने के बाद शिवपाल यादव मुलायम सिंह के आवास पहुंच गए हैं. इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता रेवती रमन सिंह, नरेश अग्रवाल और माता प्रसाद पांडेय मुलायम सिंह मुलाकात के लिए उनके आवास पहुंचे थे. पार्टी चीफ मुलायम सिंह ने 24 अक्टूबर को पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है.

शनिवार को भी चला बैठकों का दौर
शनिवार को समाजवादी पार्टी के 4 वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा, बेनी प्रसाद वर्मा, रेवती रमन सिंह और नरेश अग्रवाल पहले पार्टी चीफ मुलायम सिंह यादव से लखनऊ में मिले. फिर सीएम अखिलेश यादव के साथ इनकी लंबी बैठक हुई. अखिलेश और सपा के इन 4 नेताओं के बीच 90 मिनट तक तमाम मुद्दों को लेकर बातचीत हुई. मुलायम के साथ बैठक में शिवपाल यादव भी मौजूद थे.

सुलह के फॉर्मूले पर बैठकों का दौर
मीटिंग में मुलायम सिंह लगातार बोलते रहे. उन्होंने इन नेताओं के सामने अपनी भड़ास निकाली. इसी बीच दो बार शिवपाल यादव को भी मीटिंग में बुलाया गया जहां शिवपाल यादव ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश भी की लेकिन बैठक में सुलह का क्या फॉर्मूला हो इसपर कुछ भी फैसला नहीं हो सका. बहरहाल मुलायम सिंह यादव से मीटिंग के बाद जब इन नेताओं ने अखिलेश से मुलाकात का प्रस्ताव रखा तो मुलायम सिंह ने अपनी नाराजगी के बावजूद तुरंत मिलने और कोई फॉर्मूला ढूंढने की सलाह दी.

Share This News :