Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कांग्रेस में नेता पेट से भाजपा में वोट से होता है पैदा: भूपेंद्र सिंह

अशोकनगर : प्रदेश के ग्रहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने मुंगावली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सात गांवों में पहुंचकर जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही तत्काल निराकरण किया।

इस अवसर पर ग्रहमंत्री सिंह ने शुक्रवार को ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कहा कि मुंगावली की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मुंगावली को गोद लिया गया है। आप अपनी समस्यायें मुझे बताएं जिनका तत्काल मौके पर ही निराकरण करने में यहां आया हूं। श्री सिंह ने जनसंवाद के दौरान संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को गणवेश सिलाई और मध्यान्ह भोजन के जरिए गांव में ही मिलेगा रोजगार। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस में पेट से लेकिन भाजपा में वोट से नेता पैदा होता है। नेहरू से लेकर राहुल तक पेट से पैदा होने वाले नेताओं ने पचास साल देश की जनता का पैसा अपने गोदामों में भर दिया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नोटबन्दी कर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है, बाबा अम्बेडकर भी यही चाहते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने संतों को प्राथमिकता दी है, उप्र के मुख्यमंत्री उदाहरण हैं। राम राज्य की कल्पना भाजपा साकार कर रही है, धर्म संस्कृति की रक्षा के लिए भाजपा ही काम कर रही है।

इस दौरान उन्होंने बीमारी सहायता, विकलांग सहायता, अन्य प्रकार की आर्थिक सहायता के प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निराकरण किया।

इस अवसर पर उनके साथ भारतीय जनतापार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविन्द भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष जयकुमार सिंघई, कलेक्टर बाबू सिंह जामौद, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया, अन्य शासकीय अमले के अलावा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मलकीत सिंह अमरजीत कौर, यादवेन्द्र सिंह यादव बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस दौरान ग्रहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने मुंगावली विधान सभा क्षेत्र के बहादुरपुर मण्डल के तहत आने वाले ग्राम लप्तौरा, मथाना, टांडा, बाबरोद, बरखेड़ा भोगी और घाटबमुरिया पहुंचे और जनसंवाद मंच लगाकर ग्रामीणजनों की समस्या का समाधान किया।

Share This News :