Home > प्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
जनसम्पर्क मंत्री डॉ. मिश्र ने किया स्टॉप डेम का शिलान्यास

भोपाल । जनसम्पर्क, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने आज शिवपुरी जिले के कोलारस अनुभाग के तहत ग्राम पचावली में सिंध नदी पर 4 करोड़ 87 लाख 92 हजार की लागत से निर्मित होने वाले श्रृगेस्वर स्टॉप डेम का भूमिपूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर ग्राम टामकी में 5 करोड़ 50 लाख रुपये और ग्राम सड़ में 5 करोड़ 21 लाख की लागत से और ग्राम लिलवारा में स्टॉप डेम बनाए जाने की घोषणा की।

डॉ. मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के मार्गदर्शन में सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री के चिंतन को सराहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार दोनों ही समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए कृत संकल्पित है।

मंत्री डॉ. मिश्र ने दतिया क्षेत्र में कराए गए कार्यों का उल्लेख करते कहा कि सभी ग्रामों में नलजल योजनाओं द्वारा ग्रामीणों के घरों तक नलो के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कभी दतिया भी प्रदेश का एक छोटा एवं पिछड़ा जिला था, लेकिन आज विकास के मामले में मध्यप्रदेश का अग्रणी जिला है। कार्यक्रम में बीज विकास निगम के अध्यक्ष माधव सिंह दांगी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि सिंध नदी पर श्रृगेस्वर स्टाप डेम का निर्माण होने से 350 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इस स्टॉप डेम से ग्राम श्रृगेस्वर, रिजौदी, पिपरौदा बुर्जुग के 466 कृषक लाभांवित होंगे। इसके साथ-साथ, क्षेत्र के भू-जल स्तर में वृद्धि होगी और पेयजल के लिए पानी एवं निस्तारी कार्य तथा पशुओं को पीने के लिए भी पानी मिलेगा।

Share This News :