Homeराज्यो से ,
सबके लिए अनसुलझी पहेली बने सिद्धू, कांग्रेस के बाद फिर ‘आप’ से बात

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने आज कहा कि भाजपा के पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू और पार्टी के बीच बातचीत चल रही है। हालांकि, यह रहस्य अब भी बना हुआ है कि क्रिकेटर से नेता बने सिद्धू आखिरकार किसका दामन थामेंगे। कांग्रेस भी हाल में कह चुकी है कि यदि सिद्धू बिना किसी शर्त के पार्टी में शामिल होते हैं तो उन्हें कोई ऐतराज नहीं है।

सिंह ने यहां पत्रकारों को बताया कि सिद्धू से बातचीत चल रही है। इससे कोई इनकार नहीं कर रहा। पिछले 4-5 दिन से बातचीत चल रही है। सूत्रों ने कहा कि सिद्धू ने कल रात दिल्ली में आप के सह-प्रभारी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी दुर्गेश पाठक से मुलाकात की थी।

उन्होंने कहा कि सिद्धू उप-मुख्यमंत्री पद के लिए आश्वासन चाह रहे हैं। सात-आठ ऐसी सीटों पर भी विवाद हैं, जिनकी मांग सिद्धू ने की है। उन्होंने जाने-माने हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह और दो निर्दलीय विधायकों-बलविंदर सिंह बैंस और सिमरजीत सिंह बैंस सहित कुछ अन्य नेताओं के लिए इन सीटों की मांग की है।

सूत्रों ने संकेत दिए कि पार्टी का एक तबका सिद्धू को पार्टी में शामिल कराने की बजाय उनके संगठन आवाज-ए-पंजाब के साथ गठबंधन चाहता है। उन्होंने कहा कि सिद्धू के आवाज-ए-पंजाब के साथ गठबंधन से पार्टी की संभावनाएं मजबूत होंगी, लेकिन उन्हें उप-मुख्यमंत्री का पद देने से पार्टी कार्यकर्ता नाराज होंगे। गठबंधन से दोनों पक्षों की मांगों के बीच संतुलन बिठाने में मदद मिलेगी।

सूत्रों ने संकेत दिए कि पार्टी सिद्धू को उप-मुख्यमंत्री पद नहीं देना चाह रही, लेकिन ‘आप’ के सत्ता में आने के बाद उनकी पत्नी को कैबिनेट में शामिल करने के लिए तैयार है। संजय सिंह ने कहा कि सिद्धू के बयान के बाद से  à¤•ाफी लंबा वक्त गुजर गया है। यदि हम छोटी चीजों पर ध्यान देंगे तो पंजाब के हित पीछे छूट जाएंगे। उन्होंने अपने बयान में क्या कहा या नहीं कहा, वह मुद्दा नहीं है, वह अहम नहीं है। मुद्दा यह है कि पंजाब को कैसे बचाया जाए। पंजाब को कैसे भ्रष्टाचार, मादक पदार्थ की समस्या से बचाया जाए। हम अपने किसानों के खोये हुए वैभव को कैसे फिर से कायम करें।

यह पूछे जाने पर कि बातचीत किस चरण में है, उन्होंने कहा कि बातचीत चल रही है, लेकिन मैं आपको यह नहीं बता सकता कि यह किस चरण में है। जब हम अंतिम फैसला करेंगे तो उसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा। इस बीच, गुरदासपुर में अपने संगत दर्शन कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बातचीत में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा कि वह किसी पार्टी में शामिल होने को लेकर निर्णय नहीं कर सकते, क्योंकि वह अपने हितों के मुताबिक सौदा करने की कोशिश कर रहे हैं। बादल ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों से अपने फायदे का सौदा करने की बजाय सिद्धू को घर पर बैठना चाहिए।

Share This News :