Homeखेल ,slider news,
अश्विन ने झटके 4 विकेट, साउथ अफ्रीका 335 रनों पर हुई ढेर

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट्स पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 335 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. साउथ अफ्रीका की ओर से एडेन मार्करम ने सबसे ज्यादा 94 रन बनाए जबकि हाशिम अमला ने 82 रनों की पारी खेली. इसके अलावा कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 63 रन बनाए. रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.

अश्विन ने डीन एल्गर (31) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई. उन्होंने एल्गर को मुरली विजय के हाथों कैच करा दिया. इसके अलावा अश्विन ने एडेन मार्करम (94) को शतक पूरा करने से रोक दिया.

मार्करम अपने शतक से छह रन दूर थे तभी अश्विन की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों में जा समाई. मार्करम ने अपनी पारी में 150 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके लगाए हैं.

ईशांत शर्मा ने साउथ अफ्रीका को तीसरा झटका दिया, जब उन्होंने खतरनाक दिख रहे डिविलियर्स (20) को बोल्ड कर पवेलियन लौटा दिया. हार्दिक पंड्या ने हाशिम अमला (82) को रन आउट कर साउथ अफ्रीका को चौथा झटका दे दिया.

इसके बाद क्रीज पर आए नए बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (0) भी बिना खाता खोले अश्विन की गेंद पर विराट कोहली द्वारा लपके गए. डी कॉक के बाद आए वर्नोन फिलेंडर (0) भी बिना खाता खोले रन आउट होकर पवेलियन लौट गए.

Share This News :