Homeखेल ,slider news,
बतौर कप्तान दो खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बनीं स्मृति मंधाना, दिल्ली लगातार चौथा फाइनल हारी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की दिल्ली कैपिटल्स पर छह विकेट से जीत के साथ महिला प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण का समापन हो गया। गुरुवार को वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर 204 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। 
 
आरसीबी ने दूसरी बार महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीता है। इससे पहले टीम 2024 में दिल्ली के ही खिलाफ फाइनल मैच जीतकर चैंपियन बनी थी। इसी के साथ स्मृति मंधाना बतौर कप्तान दो डब्ल्यूपीएल खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बन गईं। इस मामले में उन्होंने मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर की बराबरी कर ली, जिन्होंने 2023 औरर 2025 में खिताब जीता था। 
मंधाना और जॉर्जिया की रिकॉर्ड 165 रन की साझेदारी
खिताबी मुकाबले में 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत झटके के साथ हुई। चिनेल हेनरी ने नौ के स्कोर पर ग्रेस हैरिस को बोल्ड किया। वह सिर्फ नौ रन बना पाईं। इसके बाद मोर्चा स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों में 165 रनों की साझेदारी हुई और यही आरसीबी की जीत की सूत्रधार बनी।
वहीं, मंधाना ने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 41 गेंदों में 12 चौके और तीन छक्के की मदद से 87 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इस दौरान मंधाना ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दीं। वह डब्ल्यूपीएल इतिहास की पांचवीं बल्लेबाज बन गईं जिसने 1000 रन से ज्यादा रन पूरे किए। इसी के साथ वह नेट शीवर ब्रंट (1348), मेग लैनिंग (1200), हरमनप्रीत कौर (1193) और शेफाली वर्मा (1124) के क्लब में शामिल हो गईं। मंधाना डब्ल्यूपीएल फाइनल में सर्वाधिक रनों की पारी खेलने वाली बल्लेबाज भी बन गईं। इस मामले में उन्होंने जॉर्जिया वॉल को पीछे छोड़ा।जीत की तरफ तेजी से बढ़ रही आरसीबी को 191 रन के स्कोर पर चौथा झटका लगा और चिनेल हेनरी का शिकार मंधाना बन गईं। लेकिन आरसीबी के बल्लेबाजों ने हार नहीं मानी और नादिन डी क्लार्क तथा राधा यादव ने क्रमश: सात और 12 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

Share This News :